एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे की अध्यक्षता में 18 जनवरी को सीसीएल की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का उद्देश्य कंपनी के कार्य निष्पादन, भविष्य की योजनाओं तथा रणनीतिक प्राथमिकताओं की समग्र समीक्षा करना था। बैठक में कोयला मंत्रालय के वरीय पदाधिकारी, सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा सहित अन्य वरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार उच्च स्तरीय समीक्षा के दौरान मंत्री दुबे ने कोयला उत्पादन की प्रगति, परिचालन दक्षता, खनन सुरक्षा मानकों के अनुपालन, पर्यावरण संरक्षण पहलों तथा चल रही एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। साथ हीं इसे लेकर उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान वित्तीय वर्ष की कार्ययोजनाओं के साथ-साथ दीर्घकालिक रणनीति, नवाचार तथा तकनीकी सुदृढ़ीकरण पर भी विशेष बल दिया।

बताया गया कि मंत्री ने सीसीएल द्वारा देश के ऊर्जा क्षेत्र में किए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की तथा कहा कि कंपनी राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षित, सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल खनन को प्राथमिकता देते हुए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में भविष्य की चुनौतियों से निपटने, परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन तथा कोयला क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए समन्वित प्रयासों पर भी बल दिया गया। ज्ञात हो कि बीते 17 जनवरी को केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने पलामू सांसद बी.डी. राम की उपस्थिति में सीसीएल के राजहरा कोलियरी के नवसंचालन हेतु उद्घाटन किया था। उक्त कोलियरी के पुनः संचालन से पलामू क्षेत्र के रहिवासियों, विशेषकर युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे तथा क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी उल्लेखनीय गति मिलेगी।
![]()













Leave a Reply