अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के भरपुरा पहलेजा घाट स्टेशन, दिघवारा सहित 12 रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर एवं किफायती सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से वॉटर वेंडिंग मशीन के माध्यम से शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। अन्य स्टेशनों में विद्यापति धाम, बछवाड़ा, दलसिंह सराय, भगवानपुर, रामदयालु नगर, शाहपुर पटोरी, थाना बिहपुर शामिल हैं।
रेलवे की इस पहल से यात्रियों को कम मूल्य पर सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस सुविधा के माध्यम से न केवल यात्रियों की पेयजल संबंधी समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि इससे रेलवे राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार, उपरोक्त 12 स्टेशनों पर वॉटर वेंडिंग मशीन की सुविधा से रेलवे राजस्व में 20 से 24 लाख रुपये तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। यह व्यवस्था यात्रियों के हित में होने के साथ-साथ स्वच्छता, सुविधा और आत्मनिर्भर रेलवे की दिशा में एक सशक्त कदम है। सोनपुर रेल मंडल रेल यात्रियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार की जनोपयोगी एवं यात्री-हितैषी योजनाओं को लागू करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
![]()













Leave a Reply