Advertisement

मकर संक्रांति पर सोनपुर के गंगा-गंडक नदी घाटों पर श्रद्धालुओं ने लगायी आस्था की डुबकी

बाबा हरिहरनाथ के संध्याकालीन श्रृंगार-आरती में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। मकर संक्रांति के अवसर पर 15 जनवरी की शाम सारण जिला के हद में सोनपुर के विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर का भव्य श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर आयोजित नित्य संध्याकालीन आरती में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बाबा हरिहरनाथ के जयकारे से सम्पूर्ण हरिहर क्षेत्र का इलाका गूंज उठा।

ज्ञात हो कि श्रद्धालुओं द्वारा इस बार मकर संक्रांति दो दिन मनाया गया। शुभ मुहूर्त को अहमियत देने वालों ने 15 जनवरी को संक्रांति के दूसरे दिन उत्साह के साथ मकर संक्रांति का पर्व मनाया। ब्रह्म मुहूर्त में श्रद्धालुओं ने पवित्र सोनपुर के नमामि गंगे कालीघाट, दीपोत्सव घाट, भारत वंदना घाट के अलावा गंगा नदी के पहलेजा घाट, सबलपुर के घाट सहित गंगा -गंडक नदियों के विभिन्न घाटों पर आस्था की डुबकी लगायी। इसके बाद भगवान सूर्य को अर्घ्य प्रदान किया।

बाबा हरिहरनाथ मन्दिर न्यास के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील शास्त्री, पवन शास्त्री तथा नन्द बाबा ने बताया कि मकर संक्रांति का पर्व भगवान सूर्य की उपासना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इसी दिन सूर्य देव धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करते हैं और उत्तरायण काल की शुरुआत होती है। उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी को पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया गया। इसी दिन सूर्यदेव धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करते हैं और उत्तरायण काल की शुरुआत होती है।

शास्त्रों के अनुसार, उत्तरायण को देवताओं का समय कहा गया है, इसलिए इस दौरान किया गया सूर्य पूजन, स्नान और दान विशेष पुण्य प्रदान करता है। सुबह से बाबा हरिहरनाथ मन्दिर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। बताया गया कि मकर संक्रांति की शुरुआत बीते 14 जनवरी की रात 9:28 बजे से हो गई थी, जिसके चलते सुबह से ही दूर-दराज से श्रद्धालु हरिहर क्षेत्र के पवित्र घाटों पर आस्था की डुबकी लगाने और बाबा हरिहरनाथ का दर्शन पूजन के लिए पहुंचे। कहा गया कि मकर संक्रांति के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है, इसलिए श्रद्धालु स्नान के साथ-साथ पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं। इस अवसर पर बाबा हरिहरनाथ का मनमोहक श्रृंगार और संध्या आरती किया गया, जिसे देखकर सैकड़ों श्रद्धावान आनन्दित हुए।

बिहार सरकार के सचिव अनुपम कुमार ने की पत्नी संग बाबा हरिहरनाथ की पूजा

बिहार सरकार के सचिव अनुपम कुमार ने 15 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर अपनी धर्म पत्नी डॉ प्रतिमा के साथ बाबा हरिहरनाथ मन्दिर में सायं साढ़े सात बजे पूजा – अर्चना की। उन्होंने पूजन -वन्दन और दर्शन कर प्रदेश के शान्ति व समृद्धि की कामना की। उपर्युक्त अवसर पर बाबा हरिहरनाथ मन्दिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला ने शॉल और बाबा हरिहरनाथ का प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। मौके पर भाजपा नेता राकेश सिंह सहित अन्य पुजारीगण, न्यास के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील शास्त्री, पवन शास्त्री, सदानन्द पांडेय, नन्द बाबा आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *