एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में हिंदुस्तान पुल दामोदर नदी फुसरो स्थित हथिया पत्थर में 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेला में स्थानीय सहित दूरदराज के ग्रामीणों की काफी संख्या में भीड़ सुबह से ही श्रद्धालू दामोदर नदी में स्नान कर पूजापाठ करने में जुटे रहे। इस मेले में हजारों की संख्या में भीड़ लगी रही।
बताया जाता है कि मकर संक्रांति के अवसर पर उक्त मेले में भीड़ इस कदर रही कि सड़क पर गाड़ी भी धीमी गति से चलाना पड़ा। यहां समिति की चुस्त व्यवस्था व संचालन सहित स्थानीय पुलिस भी चौकस रही। बताते चलें कि आस्था का प्रतीक हथिया पत्थर मेला यहां मकर संक्रांति के अवसर पर प्रत्येक वर्ष लगता है। यहां मेले में आये श्रद्धालु स्नान कर स्थानीय देवी मंदिर में पूजा-अर्चना भी करते है, ताकि उनकी मनोकामना पूरी हों। साथ ही हथिया पत्थर में भी श्रद्धालू प्रसाद लेकर तथा धूप -अगरबत्ती दिखाकर पूजा कर मनोकामना पूरी होने की मन्नतें मांगते हैं। कहा जाता है कि सच्चे दिल से मांगी गयी मन्नत यहां जरूर पूरी होती है।

इस मेले में चाट, खिलौना, खोमचे, कैलेन्डर आदि की कई दुकानें लगी थीं। जहां आम व् खास ने पूजापाठ करने के साथ ही यहां मेले का भी लुत्फ उठाया। मेले में पुरुषों सहित बच्चों व महिलाओं की भी भारी संख्या में भीड़ जुटी। महिलाओं की भीड़ चाट, छोले-भटूरे, गोलगप्पे आदि के खोमचे के इर्द-गिर्द जहां जुटी रही, वहीं बच्चों के आकर्षण का केंद्र रहीं खिलौने की दुकानें। साथ ही हथिया पत्थर का दर्शन भी सभी कौतूहल व श्रद्धा से कर रहे थे। इस मौके पर हथिया पत्थर को रंगीन कपड़े से ढंककर उसकी पूजा की गई। साथ ही मन्नत अनुसार किसी ने मुर्गे की बलि चढ़ाई तो किसी ने पाठा की। मेले मे क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, विभिन्न रजनितिक दलों के प्रतिनिधि आदि शामिल हुए।
![]()













Leave a Reply