अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने 7 जनवरी को हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) बरौनी को उत्कृष्ट रेल आधारित माल ढुलाई प्रदर्शन के लिए सोनपुर रेलवे का सर्वश्रेष्ठ रेलवे गुणांक फ्रेट ग्राहक पुरस्कार से सम्मानित किया।
बताया जाता है कि एचयूआरएल बरौनी ने 98.6 प्रतिशत रेलवे गुणांक हासिल किया है, जिसका अर्थ है कि एचयूआरएल द्वारा उत्पादित कुल नीम कोटेड यूरिया का 98.6 प्रतिशत परिवहन भारतीय रेल के माध्यम से किया गया। भारतीय रेल देश की सबसे सुरक्षित, किफायती और विश्वसनीय थोक माल परिवहन प्रणाली है। अब तक बरौनी से देश के विभिन्न हिस्सों में 508 यूरिया रेक का प्रेषण किया गया है, जिसके माध्यम से लगभग 9.5 लाख मीट्रिक टन यूरिया का परिवहन संभव हो पाया है। इससे भारतीय रेल को ₹108 करोड़ की आय प्राप्त हुई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 43 प्रतिशत अधिक है।
इस अवसर पर डीआरएम अमित सरन ने एचयूआरएल बरौनी के प्लांट हेड नितिन सक्सेना एवं उनकी टीम को वर्ष 2025-26 का रेलवे गुणांक शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। डीआरएम ने एचयूआरएल की सराहना करते हुए कहा कि संस्था भारतीय किसानों की सेवा निष्ठा एवं समर्पण के साथ, शांतिपूर्वक और प्रभावी ढंग से कर रही है, जो प्रशंसनीय है।
कार्यक्रम के पश्चात एक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी कार्यवाही सोनपुर रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) रौशन कुमार द्वारा संपादित की गई। बैठक में सीनियर डीसीएम कुमार ने एचयूआरएल टीम को इस उपलब्धि के लिए साधुवाद दी तथा रेलवे गुणांक को शत प्रतिशत तक बढ़ाने का आग्रह किया, जिससे रेल व् उद्योग के बीच सहयोग और सुदृढ़ हो सके।
प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नितिन सक्सेना ने आश्वासन दिया कि चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक एचयूआरएल बरौनी 100 प्रतिशत रेलवे गुणांक प्राप्त करेगा। साथ ही उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि एचयूआरएल द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष में ₹140 करोड़ का फ्रेट लोडिंग राजस्व भारतीय रेल को प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर सोनपुर रेल मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारी, एचयूआरएल बरौनी संयंत्र के अधिकारी तथा अन्य संबंधित हितधारक उपस्थित थे, जो रेल एवं उद्योग के बीच मजबूत समन्वय और साझेदारी को दर्शाता है।
![]()













Leave a Reply