Advertisement

राकोमसं रीजनल सचिव बनाये जाने पर वरुण कुमार सिंह का स्वांग वाशरी में स्वागत

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। इंटक से संबद्ध राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ की एक बैठक 26 दिसंबर को बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र के स्वांग वाशरी कैंटीन में आयोजित किया गया। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि यूनियन के सीसीएल रीजनल सचिव वरुण कुमार सिंह उपस्थित हुए। बैठक की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष भैरोलाल प्रजापति एवं संचालन शाखा सचिव बी के श्रीवास्तव ने की।

आयोजित बैठक में वरुण कुमार सिंह को हाल हीं में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ का रीजनल सचिव बनाये जाने पर स्वांग वाशरी के मजदूरों ने फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए राकोमसं रीजनल तथा क्षेत्रीय सचिव सिंह ने कहा कि संघ बहुत पुराना संगठन है तथा संगठन हमेशा मजदूरों की समस्याओं के प्रति जागरुक रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार श्रमिक विरोधी चार लेबर कोड कानून लाकर देश के मजदूर जमात को डराना चाहती है। इसका विरोध पूरे देश में मजदूरों एवं मजदूर प्रतिनिधियों द्वारा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कोयला क्षेत्र के मजदूर रात दिन मेहनत कर कोयला उत्पादन करते हैं, परंतु प्रबंधन उनकी छोटी-छोटी समस्याओं पर ध्यान नहीं देती हैं। इसे लेकर उनका यूनियन गंभीर है। वे प्रबंधन को यह बता देना चाहते है कि समय रहते प्रबंधन सचेत हो जाये और मजदूर समस्याओं का समाधान करने की दिशा में कार्य करे, अन्यथा इसके परिणाम के लिए तैयार रहे।

बैठक में शाखा सचिव बी के श्रीवास्तव ने कहा कि मजदूर आवास की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है। प्रबंधन आवास की मरम्मत नहीं करवा पा रही है। शाखा अध्यक्ष भैरोलाल प्रजापति ने कहा कि मजदूरों का प्रमोशन समय से नहीं हो पा रहा है। बिजली एवं पानी भी मजदूरों को ठीक ढंग से नहीं मिल पा रहा है।

बैठक को गोविंदपुर शाखा सचिव विकास कुमार सिंह, अध्यक्ष राजकुमार साव, कथारा क्षेत्रीय कमिटी के उपाध्यक्ष मोहम्मद वकील अंसारी, शाखा उपाध्यक्ष अशोक कुमार ओझा ने भी संबोधित किया। बैठक में मुख्य रुप से डी डी गिरी, जगदीश साव, मनोज कुमार सिंह, जगदयाल नोनिया, यदु यादव, जीतन यादव, बैजू कुमार, प्यारेलाल यादव, राजेश, भुनेश्वर यादव, गंगा सिंह, राजाराम साव, नंद किशोर, संजय कुमार, श्याम सुंदर साव आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *