गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। राज्य स्तरीय विद्यालय हॉकी खेल प्रतियोगिता 2025–26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता बने वैशाली जिले के खिलाड़ियों से 22 दिसंबर को जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने मुलाकात की।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर जिला एवं राज्य का नाम रोशन करने की शुभकामनाएँ दीं।
उल्लेखनीय है कि खेल विभाग, बिहार पटना एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय विद्यालय हॉकी खेल प्रतियोगिता 2025–26 का आयोजन नालंदा जिले में आयोजित किया गया था। इसके अंतर्गत राज्य स्तरीय विद्यालय हॉकी (बालिका), अंडर–14 प्रतियोगिता का आयोजन बीते 15 से 16 दिसंबर तक किया गया, जिसमें वैशाली की हॉकी बालिका अंडर-14 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खगड़िया टीम को 9-0 के बड़े अंतर से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

इसके पूर्व 7 से 8 दिसंबर तक नालंदा जिले में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालय हॉकी (बालक) प्रतियोगिता में भी वैशाली जिले के खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। प्रतियोगिता में बालक अंडर-14 टीम ने पटना टीम को 7-1 के अंतर से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया था, जबकि बालक अंडर-19 टीम उप विजेता रही।
जिला पदाधिकारी सिंह ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह जिले के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। ध्यान देने योग्य है कि विजेता रही हॉकी बालक एवं बालिका अंडर-14 टीम के चयनित खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
![]()













Leave a Reply