Advertisement

वैशाली जिले में ठंड का प्रकोप व् सूर्य की किरण का दर्शन दुर्लभ

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। बिहार के वैशाली जिले में शीतलहर और कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तापमान में लगातार गिरावट के कारण आमजनों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है, जबकि सुबह के समय घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है।

ज्ञात हो कि 20 दिसंबर को पूरे दिन सूर्य की किरणे नहीं दिखाई दी। मानो जिलावासियों के लिए सूर्य की रोशनी दुर्लभ हो गया हो। चारो दिशाओं में घने कोहरे और पछुआ हवा के कारण कनकनी बढ़ गई है। ठंड से बचाव के लिए रहिवासी जगह-जगह अलाव का सहारा ले रहे हैं। वैशाली जिले में कुहासे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे शहरी और ग्रामीण इलाकों में आवागमन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार वैशाली जिले का न्यूनतम तापमान गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान में भी लगभग 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है। घने कोहरे के कारण सुबह के समय स्कूल बसों और बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है।

वैशाली के जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के पठान का कार्य समय 10 बजे से 4 बजे तक आगामी 25 दिसंबर तक के लिए तय कर दिया है, ताकि ठंड में विद्यार्थियों को परेशानी ना हो। कड़ाके की ठंड एवं शीतलहर को देखते हुए जरूरतमंदों को राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी वैशाली के आदेश के आलोक में बीते 19 दिसंबर को जिले में व्यापक स्तर पर कंबल वितरण एवं अलाव की व्यवस्था कराई गई।

जिले में लगभग 2223 जरूरतमंद रहिवासियों के बीच कंबल वितरित किए गए। वहीं 20 दिसंबर को भी पूरे जिले में सरकारी स्तर पर कंबल का वितरण कमजोर वर्गों के बीच जारी रहा। अधिकारी और जनप्रतिनिधि कंबल वितरण के बाद लाभार्थियों के साथ अपना फोटो लेते देखे गये।
जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के नगर निकायों एवं पंचायत क्षेत्रों में कुल 45 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए शीतलहर और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आम रहिवासियों से सावधानी बरतने, सुरक्षित रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वहीं जिला प्रशासन ने भी ठंड को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरतमंदो को राहत मिल सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *