Advertisement

बड़ाजामदा डकैती कांड में बड़ी सफलता, हथियार व् कारतूस के साथ एक गिरफ्तार

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। बीते 13 अक्टूबर को पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में बड़ाजामदा में हुई डकैती कांड का खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है।

पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) द्वारा 19 दिसंबर को आयोजित प्रेस वार्ता में कहा गया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जिला के हद में गुवा थाना क्षेत्र के बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र के बड़ाजामदा रहिवासी अनिल चौरसिया के घर हुई डकैती कांड से जुड़े हथियार की आपूर्ति के लिए एक युवक बड़ाजामदा आ रहा है।

उल्लेखनीय है कि उक्त डकैती में 2.5 लाख रुपये नकद, एक सोने का ब्रेसलेट (कीमत लगभग 90 हजार रुपये) एवं एक सोने की चेन (कीमत लगभग 80 हजार रुपये) की लूट हुई थी। इस संबंध में 14 अक्टूबर को थाना में कांड क्रमांक-45/25 के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसमें पूर्व में पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।

गुप्त सूचना के अनुसार, जेल भेजे गए आरोपी दीपक महतो के भतीजा करण महतो द्वारा कांड में प्रयुक्त हथियार व् गोली वांछित अभियुक्त बड़ाजामदा रहिवासी राजू लोहार को देने की योजना थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरु के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ाजामदा बस स्टैंड से करण कुमार महतो को धर दबोचा।

विधिवत तलाशी एवं जप्ती सूची तैयार कर आरोपी करण कुमार महतो (उम्र लगभग 24 वर्ष), पिताराजकुमार महतो, पता वर्मा माइंस रघुवर नगर, थाना वर्मा माइंस, जिला पूर्वी सिंहभूम को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर एक सिल्वर रंग का देशी कट्टा, एक स्टील रंग का स्वचालित पिस्तौल, खाली मैगजीन, जिंदा कारतूस (7.65 एमएम), जिंदा कारतूस (9 एमएम), जिंदा कारतूस (8 एमएम), एक काले रंग का मोबाइल फोन बरामद किया गया।

विशेष छापामारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरु अजय केरकेट्टा, बड़ाजामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव, तकनीकी शाखा के चंद्रशेखर, धनंजय सिंह, अभय कुमार, सिमल यशदा एवं बड़ाजामदा ओपी रिजर्व गार्ड सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से डकैती कांड के शेष आरोपियों तक पहुंचने में अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *