भाकपा माले प्रखंड कमिटी की बैठक में लिया गया सांगठनिक आंदोलन का निर्णय
एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। गरीबों एवं फूटपाथियों पर बुलडोजर चलाने के खिलाफ पुनर्वास, वेंडिंग एवं पार्किंग जोन तत्काल बनाने की मांग को लेकर आंदोलन तेज करेगी भाकपा माले। नगर निकाय क्षेत्र में खेती योग्य भूमि पर मालगुजारी के अलावे नगर निकाय द्वारा लगाया गया टैक्स का विरोध होगा। भूमिहीनों को वास भूमि एवं आवास, सरकारी जमीन पर बसे को पर्चा, पहुंच पथ से वंचित गरीब-दलित मुहल्ले में पहुंच पथ बनाने एवं किसान हितैषी योजनाओं में आनाकानी एवं लूट-भ्रष्टाचार को केंद्र कर आंदोलन की शुरुआत की जायेगी। थाना, अंचल, प्रखंड, मनरेगा, आपूर्ति आदि कार्यालयों में जनता को शोषण-लूट-भ्रष्टाचार के खिलाफ ताजपुर वासियों को गोलबंद कर निर्णायक आंदोलन का शंखनाद किया जायेगा।
उक्त आशय का निर्णय 19 दिसंबर को समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर के फलमंडी में संपन्न भाकपा माले प्रखंड कमिटी की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की, जबकि बैठक में प्रखंड कमिटी सदस्य आसिफ होदा, राजदेव प्रसाद सिंह, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मो. एजाज, संजीव राय, मुकेश कुमार गुप्ता समेत परवेज कलीम, अरशद कमाल बबलू, बिरजू कुमार, मो. इस्लाम, मो. शकील, चांद बाबू आदि ने अपने-अपने विचार व्यक्त किया।
मौके पर जिला कमिटी सदस्य आसिफ होदा तथा प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि गरीबों एवं फूटपाथियों को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था किए सरकार बुलडोजर चला रही है। न कहीं वेंडिंग जोन एवं पार्किंग जोन बनाया गया और न ही बुलडोजर से विस्थापितों के लिए कोई पुनर्वास की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए इसे पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि बुलडोजर की कारवाई में फूटपाथी दुकानदारों एवं झुग्गी-झोपड़ी वासियों को हटा दिया जाता है लेकिन पक्का निर्माण को यूं ही छोड़ दिया जाता है। यह एकतरफा कार्रवाई है। ऐसे कार्रवाई का भाकपा माले विरोध करेगी।
किसान नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने कहा कि ताजपुर नगर निकाय क्षेत्र की जर्जर सड़कों, गुणवत्तापूर्ण नाले का निर्माण, सरकारी जमीन एवं सड़क पर कब्जा जमाये रहने पर प्रशासनिक चुप्पी के खिलाफ किसान- मजदूर- व्यवसायी एकताबद्ध होकर संघर्ष की शुरुआत करेगी।
![]()













Leave a Reply