Advertisement

आरओएम सेल से की गई एक करोड़ 45 लाख की अवैध वसूली-प्रमोद सिंह

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में चेतना क्लब कथारा में 18 दिसंबर को हस्तलदनी कोयला मजदूर संघ तथा विस्थापित व बेरोजगार संघर्ष समिति की एक अहम बैठक की गयी। बैठक में कथारा बस्ती, झिरकी बस्ती, बांध बस्ती, बोडिया बस्ती, कमल टोला सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों ग्रामीण रहिवासियों ने भाग लिया।

बैठक का नेतृत्व कांग्रेस नेता प्रमोद कुमार सिंह, झामुमो केंद्रीय सदस्य इकबाल अहमद, हस्त लदनी कोयला मजदूर संघ के कार्यकारी अध्यक्ष नरेश यादव, अल्पसंख्यक मोर्चा गोमिया प्रखंड अध्यक्ष इम्तियाज आलम, मजदूर नेता मथुरा सिंह यादव सहित रोहित यादव, धनेश्वर यादव और खीरू यादव ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता प्रमोद कुमार सिंह ने कथारा कोलयरी में चल रहे आरओएम (रनिंग ऑफ माइंस) लोकल सेल में बड़े पैमाने पर घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले रिजेक्ट सेल में जिस गुट ने लूट मचाई थी, वही गुट अब आरओएम सेल में भी सक्रिय है। सिंह ने दावा करते हुए कहा कि अब तक लगभग 36 हजार टन आरओएम का उठाव हो चुका है।

इससे लगभग एक करोड़ 45 लाख रुपये की कथित अवैध वसूली की गई है। आरोप लगाया गया कि विस्थापितों को दरकिनार कर वसूली की गई राशि को आरओएम के डीओ में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि सेल में अवैध वसूली करने वालों के यहां पहले भी सीबीआई की रेड हो चुकी है, ऐसे में पूरे मामले की दोबारा सीबीआई जांच आवश्यक है।

आजसू नेता जुगनू यादव ने कहा कि डीओ होल्डर और प्रशासन मिलकर विस्थापितों के अधिकारों का हनन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो विस्थापित प्रशासन से मिलने जाते हैं, उन्हें अधिकार के बजाय पैकेज का प्रलोभन दिया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि सेल से होने वाली अवैध कमाई पर प्रशासन क्यों कब्जा जमाए है, जबकि विस्थापित अपने हक की मांग कर रहे हैं।

विस्थापित रोहित यादव ने कहा कि कथारा में चल रहे लोकल सेल का लाभ सिर्फ एक ही वर्ग को मिल रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या समाज का एक ही वर्ग विस्थापित है? झामुमो नेता इकबाल अहमद ने बताया कि 19 दिसंबर को विस्थापित प्रतिनिधियों की अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) और कथारा क्षेत्र के जीएम संजय कुमार के साथ बैठक प्रस्तावित है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बैठक में कोई ठोस समझौता नहीं हुआ तो आरओएम का लोकल सेल बंद कराने के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा। बैठक के अंत में विस्थापितों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का सामूहिक रूप से संकल्प लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *