Advertisement

डीएम ने की खरीफ विपणन मौसम के तहत धान अधिप्राप्ति कार्यों की समीक्षा बैठक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने 15 दिसंबर को जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभा कक्ष में खरीफ विपणन मौसम 2025- 26 के तहत चल रहे धान अधिप्राप्ति से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में वरीय उप समाहर्त्ता अधिप्राप्ति, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला प्रबंधक एसएफसी एवं सभी प्रखंड सहकारिता शामिल थे।

समीक्षात्मक बैठक में डीएम द्वारा जिले के सभी प्रतिनियुक्त सहकारिता पदाधिकारियों को क्षेत्रवार समानुपातिक ढंग से कार्य आवंटन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही 15 दिनों के भीतर सभी पैक्स समितियों एवं व्यापार मंडल को क्रियाशील करने का निर्देश दिया गया। शून्य उत्पादन प्रतिवेदित 33 समितियों के संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी को संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारियों के माध्यम से उक्त तथ्य की पूर्ण रूप से जांच कर सत्यापन करने का निर्देश दिया गया।

साथ ही जिन किसानों से धान का क्रय कर लिया गया है, उन्हें दो दिनों के भीतर बकाया राशि का भुगतान करने तथा नियमित रूप से धान क्रय करने एवं 2 दिनों में उनका भुगतान पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिले के सभी क्रियाशील समितियों के साथ अविलंब मिलर को संबद्ध करने की प्रक्रिया को पूर्ण करने का निर्देश देते हुए धान अधिप्राप्ति के कार्य में पूर्ण रूप से तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में डीएम द्वारा जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि धान अधिप्राप्ति के लिए कार्यरत जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक- 06152- 245029 का व्यापक प्रचार -प्रसार कर किसानों को प्रेरित करते हुए अधिक से अधिक किसानों से धान क्रय करने की कार्रवाई की जाय, ताकि जिले को मिले निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत धान अधिप्राप्ति का कार्य कर उपलब्धि प्राप्त की जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *