Advertisement

पांच दिन बाद गांव पहुंचा रवि कपरदार का शव, परिजनों में मचा कोहराम

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगदा रहिवासी डोमन रजवार के पुत्र रवि कपरदार का शव पांच दिन बाद 13 दिसंबर की सुबह तमिलनाडु से उसके गांव पहुंचा। रवि का शव उसके गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जाता है कि शव के गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो उठा। मालूम हो कि बीते 6 दिसंबर की रात तमिलनाडु के तिरुपुर रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन से गिरने के कारण रवि कपरदार की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदमे में आ गए थे, लेकिन दूर प्रदेश में होने के कारण शव को गांव लाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

इस मामले में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने प्रशासनिक स्तर पर सक्रिय पहल करते हुए स्थानीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया और शव को गांव तक लाने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयास से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव को सुरक्षित रूप से गांव पहुंचाया जा सका।

वहीं, प्रखंड के हद में खैराचातर रहिवासी सेवानिवृत्त सीआईएसएफ अधिकारी राजेश जायसवाल ने मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मानवीय पहल करते हुए ₹50 हजार की सहायता राशि प्रदान की। इस सहयोग से शव लाने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में परिजनों को बड़ी राहत मिली। ग्रामीणों ने इस दु:खद घड़ी में सहयोग करने वाले सभी रहिवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया और मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *