एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में भारतीय भाषा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने विविध परिधानो में सुसज्जित होकर विभिन्न भाषाओं में अपनी प्रस्तुति दी।
ज्ञात हो कि भारतीय भाषा उत्सव कार्यक्रम भारत के शिक्षा मंत्रालय द्वारा निर्गत है, जो प्रसिद्ध महाकवि सुब्रमण्यम भारती की जयंती के उपलक्ष में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य भारत की बहुभाषी संस्कृति को प्रोत्साहित करना एवं नौनिहालों के मन में राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना है।
इस वर्ष इस आयोजन का विषय अनेक भाषाएं, एक भावना निर्धारित किया गया है। बीते 11 दिसंबर को विद्यालय परिसर में आयोजित भारतीय भाषा उत्सव में विद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग राज्यों की वेशभूषा एवं भाषाओं में भारत की अनेकता में एकता की भावना का प्रमाण दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संस्कृत, तमिल, बांग्ला, उड़िया, पंजाबी, उर्दू, अंग्रेजी तथा अन्य कई भाषाओं में कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपने भारतीय होने का प्रमाण दिया। छात्राओं ने राष्ट्र गीत एवं सारे जहां से अच्छा हिंदोस्ता हमारा गाकर इस आयोजन की सुंदरता में चार चांद लगा दिया। कार्यक्रम में श्रेया प्रिया, युसूफ खान, नीतिक प्रसाद, अभिनव शरण भट्ट, रीतिका शर्मा, ओशानी दत्ता, सुभोष्मिता स्वाईं, आयड़ा कुमारी, सौम्या, भाविका, गुरनीत, शुभंकर, अवनीत, अनुश्री, निधि, राजनंदिनी, प्राची, नव्या, माही आदि की विशेष सहभागिता रही।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह डीएवी झारखंड जोन आई mके सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी.एन. खान ने समस्त कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति में विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि ये मातृभाषा आधारित शिक्षा और बहुभाषावाद को प्रोत्साहित करते हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता की भावना का विकास तो होता ही है, साथ ही साथ उन्हें देश की संस्कृति से जोड़ने का माध्यम भी बनता है।
समस्त आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सीसीए समन्वयक जितेंद्र दुबे, बी.के.दसौधी, संगीत कुमार, शिव प्रकाश सिंह, विकास कुमार, जय प्रकाश गिरि की विशेष सहभागिता रही। उक्त जानकारी डीएवी कथारा के शिक्षक रंजीत कुमार सिंह ने दी।
![]()













Leave a Reply