विधायक का नप सभाकक्ष में नगर अध्यक्ष व कार्यपालक पदाधिकारी ने किया स्वागत
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सोनपुर के भाजपा विधायक विनय कुमार सिंह ने 12 दिसंबर को समस्त सोनपुर नगर वासियों को आश्वस्त किया कि कानून के दायरे में उनकी समस्याओं को हल करने का हर संभव प्रयास करेंगे। कहा कि राज्य सरकार सोनपुर के विकास के लिए कृतसंकल्पित है। इसमें सभी का सहयोग जरूरी है।
विधायक सिंह सारण जिला के हद में सोनपुर नगर परिषद् सभागार में नगर के उपस्थित प्रतिनिधियों, आम नागरिको व पार्टी से जुड़े नगर के कार्यकर्ताओं की विभिन्न प्रकार की समस्याओं को सुनने के बाद जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि चाहे आधार सुधार केंद्र की स्थापना का मसला हो या सड़क निर्माण की, नियमानुसार वैधानिक तरीके से समस्या का हल निकाला जायेगा।
इससे पूर्व सोनपुर नगर परिषद् के सभा कक्ष में नप अध्यक्ष अजय साह एवं कार्यपालक अधिकारी शशि कुमार ने संयुक्त रूप से विधायक विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न आगत अतिथियों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
मौके पर विधायक सिंह ने नगर परिषद में स्थित विभिन्न कार्यालय प्रकोष्ठों का अवलोकन किया। उनके साथ भाजपा के वरीय नेता वेद प्रकाश उपाध्याय, नरेश प्रसाद सिंह नरेशु, कुमार गोपाल सिंह, नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बबलू आदि को भी मोमेंटो भेंटकर स्वागत किया गया।

कक्ष में शंभू शरण सिंह, सुधीर सिंह भोला, मंटू सिंह, विनोद राय, शशि भूषण सिंह सहित दो दर्जन से अधिक नागरिक वृंद उपस्थित थे। विधायक ने इस मौके पर उपस्थित तमाम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। बताया जाता है कि नगर परिषद् कार्यालय सभा कक्ष में उपस्थित नागरिकों ने एक स्वर से विधायक से शिकायत की कि सोनपुर प्रखंड कार्यालय में भ्रष्टाचार है और बिना पैसे का कोई काम नहीं होता। दाखिल खारिज हो या अन्य कार्य बिना पैसे लिए वह कार्य आगे नहीं बढ़ता। भ्रष्टाचार से आम जनता आहत है।
इस पर नकेल कसने की जरूरत है। एक नागरिक ने सवाल उठाया कि पहले नगर परिषद कार्यालय परिसर में आधार सुधार केंद्र हुआ करता था। अब लाइसेंस नहीं मिलने के कारण बंद हो चुका है। उसको पुनः चालू कराया जाए। बताया गया कि डीडीसी स्तर से लाइसेंस मिलता है या रिन्यूअल होता है। विधायक ने आश्वासन दिया कि आधार सुधार केंद्र आवश्यक है तो इसके लिए संबंधित व्यक्ति या संस्था आवेदन करें। मेरा प्रयास होगा कि सोनपुर में खुल जाए। वैसे गौतम चौक पर भी आधार सुधार केंद्र होने की जानकारी दी गई। कहा गया कि डाक घर में फिलहाल आधार सुधार का कार्य बंद है।
![]()













Leave a Reply