सारण एसएसपी व सोनपुर एसडीपीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर थाना क्षेत्र के गोविंदचक के समीप एसबीआई के एटीएम को गैस कटर से काटकर बीते 10 दिसंबर की देर रात्रि अज्ञात चोरों ने 16 लाख से ज्यादा की बड़ी राशि चोरी कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही सारण एसएसपी डॉ कुमार आशीष, एसडीपीओ एवं सोनपुर थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंच कर टूटे एटीएम का निरीक्षण किया।
मिली जानकारी के अनुसार गोविंदचक चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम को क्षतिग्रस्त कर उपरोक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। दूसरे दिन 11 दिसंबर की अहले सुबह स्थानीय रहिवासियों की एटीएम पर नजर पड़ी और गैस कटर से कटा हुआ देखा गया, इसके बाद वहां आसपास के रहिवासियों की भीड़ जुट गई।
उक्त घटना की जानकारी स्थानीय रहिवासियों ने ही सोनपुर थाने को दी। इतनी बड़ी चोरी की बारदात की सूचना मिलते ही सोनपुर थानाध्यक्ष राजनंदन त्वरित घटना स्थल पर पहुंचे। सूचना पाकर सारण एसएसपी डॉ कुमार आशीष ने पहुंचकर घटना का निरीक्षण किया।
इस सन्दर्भ में पुलिस अधीक्षक ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उपरोक्त घटना की जानकारी देते हुए कहा कि सोनपुर थाना को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना क्षेत्र के गोविंद चौक के पास स्थित एसबीआई एटीएम में अज्ञात चोरों द्वारा गैस कटिंग के माध्यम से एटीएम को क्षतिग्रस्त कर चोरी की घटना कारित की गई है। सूचना प्राप्त होते ही सोनपुर थाना पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की गई।

बताया गया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल की वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के लिए फिंगर प्रिंट ब्यूरो तथा फोटो ब्यूरो की टीमों को बुलाया गया है। साथ ही, डीआईयू टीम द्वारा भी गहन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एवं मानवीय स्रोतों के आधार पर सभी संभावित पहलुओं की जांच प्रगति पर है।
एसपी ने बताया कि सोनपुर थाना पुलिस टीम द्वारा अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है। सारण पुलिस आश्वस्त करती है कि इस अपराध में संलिप्त सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी तथा उनके विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
![]()













Leave a Reply