Advertisement

सदर अस्पताल का उपायुक्त ने औचक निरीक्षण कर जताया साफ-सफाई पर संतोष

ईमरजेंसी, मेल व् फिमेल वार्ड का लिया जायजा, अटेंडेंड के रहने पर जताई आपत्ति

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। दिसंबर की ठंड भरी रात में बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 10 दिसंबर की देर रात अचानक जिला सदर अस्पताल पहुंचकर विभिन्न वार्डों और सुविधाओं का जायजा लिया। अस्पताल परिसर एवं वार्डों में सफ़ाई की स्थिति संतोषजनक मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।

जानकारी के अनुसार उपायुक्त झा ने सबसे पहले सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया, जहां चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर तैनात मिले। इसके बाद उन्होंने महिला व् पुरुष वार्ड सहित अन्य महत्त्वपूर्ण इकाइयों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महिला वार्ड में मेल अटेंडेंट के मौजूद रहने पर उन्होंने आपत्ति जताई और तुरंत व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिला वार्ड में गोपनीयता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों के साथ आने वाले अटेंडेंट के रहने के लिए रात्रि में अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें मूलभूत सुविधा उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की, उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

उन्होंने कहा कि अस्पताल सेवाओं में सुधार प्रशासन की प्राथमिकता है और जिला प्रशासन समय-समय पर निरीक्षण कर स्थिति की निगरानी करता रहेगा। अंत में उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन को इसी तरह हमेशा अलर्ट रहना चाहिए। अगर कोई मरीज आता हैं तो उसे तुरंत अटेंड किया जा सके। उनकी सुरक्षा व सुविधा संबंधित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराएं। मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ राजश्री, डीडीएमओ शक्ति कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *