विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। विद्युत विभाग द्वारा लगाये गये स्मार्ट मीटर के खिलाफ माकपा ने बिजली वितरण निगम के सहायक अभियंता के नाम कार्यालय को मांग पत्र सौंपा। माकपा ने भारी बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की है।
बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) प्रखंड कमेटी की ओर से झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड कथारा क्षेत्र के सहायक अभियंता के नाम गोमिया सब डिवीजन कार्यालय में 9 दिसंबर को मांग पत्र सौंपा। कार्यक्रम में खासतौर पर माकपा के राज्य कमेटी सदस्य कॉमरेड रामचंद्र ठाकुर, प्रदीप कुमार विश्वास, गोमिया प्रखंड सचिव राकेश कुमार एवं जिला कमेटी के सदस्य विनय महतो उपस्थित थे।
कार्यक्रम में उपस्थित माकपा नेताओं ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के द्वारा स्मार्ट मीटर प्रत्येक बिजली उपभोक्ताओं के घर में लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पिछले दिनों से ही स्मार्ट मीटर लगाए जाने की केंद्र व राज्य सरकार की इस योजना के खिलाफ है, क्योंकि स्मार्ट मीटर पूर्ण रूप से चालू हो जाने के बाद बिजली आम जनता की पहुंच से बहुत दूर एवं महंगी हो जाएगी। माकपा स्मार्ट मीटर लगाए जाने की योजना को रोकने व रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलन का शंखनाद करने जा रही है।

झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के कथारा क्षेत्र के सहायक अभियंता के नाम सौंपे गये मांग पत्र में माकपा ने मांग किया कि अविलंब निगम एक बैठक बुलाए और स्मार्ट मीटर योजना को रद्द करें। माकपा नेताओं ने गोमिया समेत आसपास के क्षेत्र में हो रही बिजली की भारी कटौती पर भी रोक लगाने की मांग की है।
![]()













Leave a Reply