रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। अमर स्वतंत्रता सेनानी कोका कमार की याद में उनके जन्मस्थल बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड स्थित ओरमो गांव से लाई गई पवित्र मिट्टी से पौधा रोपण किया गया। पवित्र मिट्टी पर स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान द्वारा 9 दिसंबर को बोकारो के पर्यावरण-मित्र चौक स्थित पर्यावरण-मित्र वाटिका के स्वतंत्रता सेनानी स्मृति उद्यान में एक पौधा रोपित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर संस्थान के महासचिव शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’ ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में कोका कमार का अतुलनीय योगदान रहा है, मगर ऐसे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को सरकार और जिला प्रशासन द्वारा भुला दिया जाना न सिर्फ चिंताजनक है, बल्कि यह स्वतंत्रता सेनानी के प्रति अपमान भी है।
ज्ञात हो कि उक्त स्वतंत्रता सेनानी स्मृति उद्यान का शुभारंभ बोकारो इस्पात संयंत्र के तत्कालीन निदेशक प्रभारी बी के तिवारी द्वारा झारखंड के अमर शहीद सिदो-कान्हु, चांद-भैरव, फूलो और झानो के नाम पर उनके जन्मस्थल से लाई गई पवित्र मिट्टी के ऊपर पौधों को रोपित कर किया गया है। इस उद्यान में कई स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर पौधों का रोपण किया गया है।
जानकारी देते हुए संस्थान के महासचिव मुकुल ओझा ने बताया कि कुछ माह पूर्व यहां केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी अमर स्वतंत्रता सेनानी काशीश्वर प्रसाद चौबे के नाम पर वृक्षारोपण किया है। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा इस उद्यान में स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर लगे पौधों को पूर्व में भी जानबूझ कर नुकसान पहुंचाया गया था तथा अभी भी पहुंचाया जा रहा है। इसे लेकर थाना में मामला भी दर्ज किया गया था, पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं किया जाना चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि यही नहीं टाऊन हॉल में होने वाली पार्टियों के जूठे पत्तलों को भी इस उद्यान में फेंकना स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से आग्रह है कि स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर लगे पौधों को नुकसान पहुंचाने वालों पर उचित कार्रवाई करे। अमर स्वतंत्रता सेनानी कोका कमार की स्मृति में उनके नाम पर पौधा रोपण कार्यक्रम में रघुवर प्रसाद, शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’, अखिलेश ओझा, लक्ष्मण शर्मा, मृणाल चौबे, ललित कुमार, वीरेंद्र चौबे, अजीत भगत, दिलीप तिवारी, अशोक पांडेय, अभय कुमार गोलू, बीरेंद्र मिश्र, राकेश तिवारी, रोहित सिंह, अनुराग मिश्र, मिथिलेश सिंह, युवराज सिंह सहित कई पर्यावरण रक्षक उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply