जरूरतमंदों की सहायता करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य-नीतीश कुमार
सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा क्षेत्र में लगातार बढ़ती शीतलहर से गरीब, वृद्ध और जरूरतमंद रहिवासी कठिनाई का सामना कर रहे हैं। क्षेत्र में शाम ढलते ही ठंड का असर तेज हो जाता है, जिससे खुले स्थानों या कच्चे घरों में रहने वाले ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गयी है।
रहिवासी गरीब, गुरबो की इस हालात को देखते हुए गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने मानवता का परिचय देते हुए जरूरतमंदों की सहायता का सराहनीय कदम उठाया है। थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ बीते 7 दिसंबर की देर रात विभिन्न इलाकों में जाकर ऐसे वृद्ध, असहाय और खुले में रहने वाले रहिवासियों की तलाश की, जिन्हें ठंड से राहत की सख्त जरूरत थी। रात्रि गश्ती के दौरान उन्होंने खुद सड़क किनारे, बाजार क्षेत्र, बस स्टैंड और आसपास के ग्रामीण इलाकों में घूम-घूम कर कंबल वितरित किए।
थाना प्रभारी द्वारा अचानक किए जा रहे इस मानवीय सहयोग से ग्रामीणों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी। स्थानीय रहिवासियों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्य ठंड से जूझ रहे जरूरतमंदों के लिए संजीवनी साबित होते हैं। कंबल वितरण के दौरान थाना प्रभारी ने रहिवासियों को जागरूक करते हुए ठंड से बचने के लिए सावधानियां बरतने की भी सलाह दी।
थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने कहा कि यह एक मानवीय और सामाजिक पहल है, जो सीधे तौर पर जरूरतमंद के जीवन की रक्षा करती है। कहा कि वर्तमान समय में समाज के सभी बुद्धिजीवियों को आगे आकर गरीब, बेघर, वृद्ध, असहाय, एव अन्य जरूरतमंद को पर्याप्त गर्म कपड़े दे उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा मानवीय गरिमा के आधार पर करनी चाहिए। कहा कि जरूरतमंदों को सहायता प्रदान करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। थाना प्रभारी के इस मानवीय पहल ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास की भावना को और मजबूत किया है। कंबल वितरण कार्यक्रम में हिरजी हाटिंग क्षेत्र के पंचायत सदस्य भादो टोप्पो खासतौर से पुलिस टीम के साथ शामिल थे।
![]()













Leave a Reply