Advertisement

बोकारो के सेक्टर 4 सिटी सेंटर फुटपाथ दुकानों में लगी भीषण आग

सिटी सेंटर अग्निकांड पर मजिस्ट्रेट जांच के डीसी ने दिये आदेश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो शहर के मुख्य बाजार सिटी सेंटर में 18 नवंबर की देर शाम भीषण आग लग गयी। आग लगने से फुटपाथ पर दर्जनों दुकानें जलकर राख हो गई। मौके पर दमकल की पांच गाड़ियां पहुंचकर आग बुझाने में जुटी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका है। सेक्टर चार सिटी सेंटर अग्निकांड पर बोकारो जिला उपायुक्त ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। अग्निकांड से सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

बोकारो जिला प्रशासन ने सेक्टर चार सिटी सेंटर स्थित चिकन चिल्ली दुकान में लगी आग की घटना को अत्यंत गंभीर माना है। देर संध्या उक्त दुकान में घरेलू उपयोग के गैस सिलेंडर से अचानक आग भड़क उठी, जिससे आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी फैल गई। घटना में दुकान को भारी क्षति पहुंची और यह सवाल खड़ा हुआ कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग कैसे किया जा रहा था।

बताया जाता है कि आग लगने की घटना के तुरंत बाद जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने एसडीएम चास प्रांजल ढ़ांडा को मजिस्ट्रेट स्तर पर पूरी जांच कराने के आदेश दिए। निर्देश में स्पष्ट कहा गया कि आग कैसे लगी? किसकी लापरवाही रही और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था? इन सभी बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की जाए। जांच केवल दुकान मालिक तक सीमित नहीं रहेगी।

उपायुक्त ने आदेश दिया है कि बीएसएल नगर प्रशासन और संबंधित विभागों की भूमिका की भी जांच की जाए। यह देखा जाएगा कि क्या नियमित निरीक्षण, अनुमति प्रक्रिया और सुरक्षा अनुपालन को लेकर कहीं कोई चूक हुई है। उपायुक्त झा ने कहा कि यह घटना जनता की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *