Advertisement

राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में डीएवी कथारा के तीन छात्रों का चयन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय की ओर से आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बोकारो जिला के हद में डीएवी कथारा के तीन विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

उक्त जानकारी देते हुए विद्यालय के शिक्षक रंजीत कुमार सिंह तथा बी. के. दासौंधी ने 18 नवंबर को बताया कि इस प्रतियोगिता में दो समूह निर्धारित थे। समूह ‘अ’ वर्ग पांचवी, छठी और सातवीं के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित था जबकि समूह ‘ब’ आठवीं, नवमी और दसवीं के विद्यार्थियों के लिए संरक्षित था।

बताया गया कि आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता का विषय एक ग्रह, एक अवसर ऊर्जा बचाएं तथा ऊर्जा संरक्षण: मेरी जिम्मेदारी, हमारा भविष्य था। बताया गया कि विगत दिनों विद्यालय स्तर पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया और श्रेष्ठ कृतियां रांची भेजी गईं थी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए समूह ‘अ’ में विद्यालय के वर्ग पांचवी ‘ब’ की छात्रा आराध्या ठाकुर एवं छठी ‘स’ के छात्र शुभोजीत राय का चयन किया गया। वही समूह ‘ब’ में वर्ग आठवीं ‘द’ की छात्रा सुभोष्मिता स्वाईं के चित्र का चयन किया गया। आराध्या ठाकुर के पिता सुशील ठाकुर, शुभोजीत राय के पिता विश्वजीत राय एवं सुभोष्मिता स्वाईं के पिता कृष्णकांत स्वाईं ने अपने बच्चों की इस सफलता पर अत्यंत हर्ष जताते हुए विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया।

बताया गया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ग्रुप ए और बी के विजेताओं को सरकार द्वारा नगद पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। जिसमें प्रथम पुरस्कार ₹50000, द्वितीय ₹30000, तृतीय पुरस्कार ₹20000 एवं 10 सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। जिनकी राशि ₹7500 होगी। विद्यालय से चयनित इन विद्यार्थियों को ₹2000 की राशि प्रदान की गई। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आगामी 21 नवंबर को रांची के वन विभाग के ‘पलाश ऑडिटोरियम’ में आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्यालय के उपरोक्त तीन विद्यार्थी शिरकत करेंगे।

विद्यालय की प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में प्राचार्य सह झारखंड जोन -आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी.एन. खान ने उपरोक्त प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया एवं आशा व्यक्त की कि ये विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी पुरस्कार प्राप्त कर अगले पायदान में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करेंगे। प्राचार्य डॉ खान ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होती है।

कहा कि एकबार फिर डीएवी कथारा के विद्यार्थियों ने अपनी श्रेष्ठता हमेशा सिद्ध की है। यहां के विद्यार्थी पढ़ाई में तो अव्वल है ही साथ ही साथ अन्य क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के लिए कला शिक्षक संजय महतो को भी शुभकामनाएं दीं। समस्त विद्यालय परिवार ने इन विद्यार्थियों की अग्रिम सफलता के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *