Advertisement

जीएम ढोरी ने खदान विस्तार के लिए रैयतों से की वार्ता

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सीसीएल के ढोरी महाप्रबंधक कार्यालय सभागार में 17 नवंबर को प्रबंधन द्वारा खदान विस्तार को लेकर रैयतों से वार्ता की गयी। वार्ता में प्रभावित क्षेत्र अलारगो, तारमी व तुरियो बस्ती के विस्थापित व रैयत उपस्थित थे।

आयोजित वार्ता मे मुख्य रूप से जेएमएम के वरिष्ठ नेता राजू महतो मुख्य रूप से उपस्थित हुए। मौके पर ढोरी क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) रंजय सिंहा ने तारमी परियोजना की खदानों के विस्तार के लिए रैयत एवं विस्थापितो से सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वे बहुत जल्द क्षेत्र के प्रभावित हर गांव व विस्थापितों से मिलकर उनसे राय शुमारी करेंगे।

उन्होंने कहा कि खदान चालू होने से ही सभी प्रभावितों को अधिकार मिलेगा। कहा कि पिछरी और अंगवाली बंद खदान को भी चालू करना है, ताकि देश को कोयला व सरकार को राजस्व की प्राप्ति हो सके। उन्होंने कहा कि देश के विकास में कोयला सबसे अहम है। ऐसे में गांव वालों को भी सहयोग करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विस्थापितों के साथ अन्याय नहीं होगा। नियम के तहत सभी को अधिकार उपलब्ध कराया जाएगा।

सीसीएल की आरआर पॉलिसी के तहत दो एकड़ जमीन के एवज में नियोजन दिया जाएगा। नौकरी नहीं लेने वाले को जमीन का पैसा दिया जाएगा। वार्ता में जीएम सिन्हा ने कहा कि क्षेत्र में संभावना की कोई कमी नहीं है। सभी के सहयोग से और सीसीएल के सीएमडी एन. के. सिंह के मार्गदर्शन से ढोरी क्षेत्र अपने निर्धारित लक्ष्य को पूरा करेगा।

साथ ही कम्पनी की सामाजिक योजनाओं को जरूरतमंद गांवों व ग्रामीणों तक ले जायेंगे। महाप्रबंधक ने कहा कि ढोरी क्षेत्र सीसीएल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहा है, जिसे यथावत बनाए रखेंगे। वार्ता के क्रम में विस्थापितों ने कहा कि सीसीएल प्रबंधन नियोजन, मुआवजा एवं पुनर्वास को लेकर चर्चा करता है, लेकिन उस दिशा में सार्थक पहल नहीं की जाती है। प्रबंधन यदि वाजिब अधिकार दे, तो विस्थापित सहयोग करने को तैयार हैं।

मौके पर प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक सह विभागाध्यक्ष ईएंडएम गौतम मोहंती, विभागाध्यक्ष मानव संसाधन कुमारी माला, सिविल इंजीनियर राम लखन के अलावा विस्थापितों की तरफ से पूर्व मुखिया नकुल महतो, वरीय नेता मदन महतो, झामुमो फुसरो नगर अध्यक्ष दीपक महतो, चंद्रपुरा प्रखंड अध्यक्ष सुभाष चंद्र महतो, सचिव सुनील टुड्डू, बेरमो प्रखंड अध्यक्ष रंजीत महतो, दौलत महतो, राजकुमार महतो, रोबिन महतो, चंदन राम, मनोज रजक, विश्वजीत चौहान, अजमूल अंसारी, शिवपूजन स्वर्णकार, इस्तियाक अंसारी, मो.कलीम, रिंकू खान, राजेश महतो, हरेंद्र महतो के अलावे दर्जनों विस्थापित उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *