अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेल मुख्यालय हाजीपुर के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह 17 नवंबर को सारण जिला के हद में हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला पहुंचे। महाप्रबंधक ने हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में रेल ग्राम प्रदर्शनी का उद्घाटन कर इसका विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा सुनीता सिंह भी उपस्थित थी। मौके पर अपर महाप्रबंधक अमरेंद्र कुमार, सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। इस अवसर पर महाप्रबंधक सिंह ने रेल ग्राम में आकर्षण का केंद्र बने वाणिज्य यांत्रिक, सिग्नल, संरक्षा, सुरक्षा एवं चिकित्सा विभाग द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

बताया गया कि रेल ग्राम प्रदर्शनी में यात्री सेवा एवं रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं एवं यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं सहित रेलवे से संबंधित जानकारियों को पोस्टर द्वारा दर्शाया गया है। रेल ग्राम में लगाये गये टॉय ट्रेन बच्चों के मध्य विशेष आकर्षण का केंद्र है। रेल ग्राम परिसर में श्रद्धालू यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष टिकट काउंटर भी खोला गया है।
ज्ञात हो कि रेल ग्राम प्रदर्शनी को सम्मिलित रूप देते हुए जम्मू -कश्मीर के पीर पंजाल रेलवे सुरंग का रूप दिया गया है, जिसमें मेलार्थियों को रेल कोच का अनुभव प्राप्त होगा। साथ ही सभी कंपार्टमेंट में अलग-अलग विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई है। पीर पंजाल टनल में कवच सुरक्षा प्रणाली से आप अवगत होते हुए विभिन्न विभागों के प्रदर्शनियों से रूबरू होते है।

यहां रेल स्मृति केंद्र भी खोला गया है, जहां से रेलवे से संबंधित स्मृति खरीद सकते हैं। यहां बच्चों के मनोरंजन के लिए गेमिंग ज़ोन, सेल्फ़ी पॉइंट आदि लगाए गए हैं। सेल्फी के लिए हवा में लटकते इंजन वंदे भारत का मॉडल इत्यादि उपलब्ध है।
![]()













Leave a Reply