Advertisement

हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेले में फिरोजाबादी चूड़ियों व कंगन की गूंज रही खनक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला में इस बार विभिन्न बाजारों और आर्ट एंड क्रॉफ्ट ग्रामों में एक दर्जन से अधिक फिरोजाबादी चूड़ियों व कंगन की खनक गूंज रही है। बड़ी संख्या में महिलाओं की भीड़ इन दुकानों पर दिखाई पड़ रही है।

ज्ञात हो कि हरिहर क्षेत्र मेले के लकड़ी बाजार – लोहा बाजार रोड के अनेक मीना बाजारों में फिरोजाबादी चूड़ियों एवं कंगनों की दुकानें सजी हैं। हर कीमत की रंग -बिरंगी चूड़ियां इन दुकानों पर मौजूद है। नेपथ्य से आती यह आवाज चूड़ियां बजाऊं की बजाऊं कंगना गीत तो और भी वातावरण को खूबसूरत व् रंगीन बना देती है। यह स्थिति है मेला के बंबई बाजारों, आर्ट एंड क्रॉफ्ट ग्राम एवं आर्ट एंड क्रॉफ्ट बाजारों की, जिसमें रंग- बिरंगी एवं फैशनेबल चूड़ियों का इस बार अच्छा कलेक्शन है। दुल्हनों को फिरोजाबादी चूड़ियां और कंगन भा रही है।

मेला के लकड़ी बाजार रोड में स्थित मीना बाजारों में भी फिरोजाबादी चूड़ियों एवं कंगन की दुकान है। जिसमें जयपुरी लहठी भी बिक रही है। एक से बढ़ कर एक फैशनेबल डिजाइन की चूड़ियां एवं कंगन लेकर दुकानदार मेला में आए हैं, जो महिलाओं को पसंद आ रही है। इस फिरोजाबादी कंगन स्टोरों पर फैंसी कंगन एवं थ्री पीस सेट भी उपलब्ध है। इसके अलावा महिलाओं और लड़कियों के लिए ग्लास कंगन भी यहां मिल रहा है।कांच की सिंपल चूड़ियां हैं।

कई ऐसी भी चूड़ियां हैं जिन पर सीप वर्क, कुंदन वर्क, किरकिरी वर्क, रेशम वर्क, जरकन वर्क आदि का उपयोग किया गया है। जिसके कारण उनका आकर्षण बढ़ गया है। दुल्हनों के लिए डिजाइन की गई बहुत सारी रंग-बिरंगी चूड़ियां एवं कंगन भी उपलब्ध हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *