Advertisement

सारण के दस विधानसभा क्षेत्रों में सात पर एनडीए व् तीन पर महागठबंधन का कब्जा

छपरा में आरजेडी के भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव हारे

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है। चुनाव परिणाम ने जहां महागठबंधन दल राजद को हासिये पर ला दिया है। कांग्रेस तथा लेफ्ट येन-केन-प्रकारेण अपनी लुटती लंगोट को बचाने में सफल रहा है। वहीं रणनीतिकार प्रशांत किशोर का जन सुराज तथा राजद से निष्कासित व् जेजेडी का सुपरा साफ हो गया।

सारण जिला के हद में सभी दस सीटों का चुनाव परिणाम घोषित हो गया है। दस में सात पर एनडीए ने शानदार जीत हासिल की है, जबकि तीन पर महागठबंधन का कब्जा बरकरार रहा। जिले के जिन सात विधानसभा सीटों पर एनडीए ने जीत हासिल की उनमें छपरा, बनियापुर, एकमा, मांझी, अमनौर, सोनपुर तथा तरैया विधानसभा की सीटें शामिल हैं। तीन सीटें महागठबंधन ने जीती हैं। इस बार के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को गहरा धक्का लगा है।

पिछले विधानसभा चुनाव यानी वर्ष 2020 में सारण जिले की 10 में से 7 सीटों पर महागठबंधन को जीत मिली थी, जबकि एनडीए ने 3 सीटों पर कब्जा किया। इस बार मामला पलट गया है। एनडीए सात और महागठबंधन तीन सीटें जीत सका है। जिले के परसा, मढ़ौरा तथा गड़खा सीटें महागठबंधन ने जीती हैं।

खास बात यह है कि पहली बार परसा विधानसभा से चुनाव लड़ रही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय की पौत्री डॉ करिश्मा राय चुनाव जीत गईं हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी जदयू के छोटेलाल राय को हराया है। छपरा से बीजेपी की छोटी कुमारी ने राजद प्रत्याशी और भोजपुरी फिल्म स्टार खेसारी लाल यादव को हराया है। बनियापुर में बीजेपी के केदारनाथ सिंह ने राजद की चांदनी देवी को हराया है। एकमा से जदयू के मनोरंजन सिंह उर्फ धुमल सिंह ने राजद के श्रीकांत यादव को हराया। मांझी से जदयू के रणधीर सिंह ने सीपीएम के सत्येंद्र यादव को हराया।

अमनौर से बीजेपी के कृष्णा कुमार मंटू ने राजद के सुनील राय को हराया। सोनपुर से बीजेपी के विनय कुमार सिंह ने राजद के डॉ रामानुज प्रसाद को हराया। तरैया से बीजेपी के जनक सिंह ने राजद के शैलेंद्र प्रताप को हराया। परसा से राजद की करिश्मा राय ने जदयू के छोटेलाल राय को हराया। मढौरा से राजद के जितेन्द्र राय ने जेएसपी के अभय सिंह को हराया। गड़खा से राजद के सुरेंद्र राम ने एलजेपी के सीमांत मृणाल को हराया। सीमांत एलजेपी अध्यक्ष चिराग पासवान के भांजा हैं।

ससुर-दामाद-समधी की जीत से चर्चा में सारण जिला

सारण जिला के हद में सोनपुर विधान सभा से विजयी भाजपा के विनय कुमार सिंह के दामाद रणधीर सिंह ने मांझी विधानसभा सीट से जदयू प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की। बनियापुर विधानसभा क्षेत्र से रणधीर सिंह के चाचा बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने जीत हासिल की जो विनय सिंह के समधी हैं। इस प्रकार उपरोक्त तीनों सीट ससुर -दामाद तथा समधी ने आपस में बांट ली, जिसकी चर्चा पुरे जिला में है। यह लोकतंत्र है। इसमें जनता जिसे चाहे फलक पर बैठा दे, जिसे चाहे अर्श से फर्स पर पहुंचा दे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *