Advertisement

कसमार में स्टोरी टेलिंग सर्किल से किशोरियां हो रही जागरूक

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सहयोगिनी संस्था द्वारा क्रिया के सहयोग से बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय कसमार और पोंडा मध्य विद्यालय में 13 नवंबर को एक अनूठा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम स्टोरी टेलिंग सर्किल (कहानी कहने का दायरा) के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को उनकी समस्याओं के प्रति जागरूक करने और उनके समाधान खोजने पर केंद्रित था। कहानियों से समस्याओं पर चर्चा कार्यक्रम के दौरान सेफ एकेडमिक की कुमारी पायल और सीमा रजवार ने अपनी तैयार की गई कहानियों के ज़रिए महिलाओं और किशोरियों के बीच उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर प्रकाश डाला और चर्चा की कि उन्हें कैसे हल किया जा सकता है।

स्कूल की किशोरियों ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी दिखाई और चित्रांकन के माध्यम से समस्याओं के निदान के लिए अपनी भावनाओं और विचारों को प्रकट किया।
इस दौरान कुमारी पायल ने बताया कि क्रिया और सहयोगिनी के माध्यम से कहानी लेखन को ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों के सामने आ रही समस्याओं को व्यक्त करने और समाधान तक पहुंचने के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में उपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने जोर दिया कि हर महिला या किशोरी की अपनी कहानी होती है, जिसे वे अक्सर समाज के सामने प्रकट नहीं कर पाती हैं। उनके अनुसार, यदि समस्याओं को सबके सामने रखा जाए, तो उनका समाधान संभव है। कहानी लेखन इसमें एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करता है। कहा कि इस पहल के तहत, प्रखंड के हद में पांच गांवों में पहले ही बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं, जहाँ महिलाओं तथा किशोरियों की समस्याओं के समाधान पर विशेष रूप से चर्चा की गई है।

बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों पर होने वाली हिंसा और रोक-टोक जैसे मुद्दों को कैसे रोका जाए, इस पर भी बातचीत को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान सहयोगिनी संस्था की कुमारी किरण, मंजू देवी और अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *