भारतमाला परियोजना के तहत बन रही सड़क पर उठी ग्रामीणों की आवाज
रंजन वर्मा/कसमार(बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के अंतर्गत भारतमाला परियोजना के तहत बन रही सड़क निर्माण कार्य से उत्पन्न धूल और हाइवा वाहनों की तेज रफ्तार से स्थानीय ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। इसे लेकर 13 नवंबर को आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर दर्जनों हाइवा वाहनों को रोक दिया और आवाजाही पूरी तरह ठप कर दी।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि हाइवा वाहनों की तेज गति और उड़ती धूल से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक कठिनाई झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों ने मांग की कि सड़क पर सुबह और शाम दो बार नियमित पानी का छिड़काव किया जाए, मोचरो से मंजुरा तक घनी आबादी वाले इलाकों में हाइवा की गति पर रोक लगे, स्कूल के समय हाइवा परिचालन पूरी तरह बंद रहे तथा सभी हाइवा गाड़ियों को तिरपाल से ढककर चलाया जाए।

मौके पर पहुंचे कसमार थाना प्रभारी भजन लाल महतो ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी जायज मांगों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोपरि है। निर्माण कार्य प्रभावित किए बिना धूल नियंत्रण और गति सीमा सुनिश्चित की जाएगी। वहीं निर्माण कार्य में लगी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने कहा कि वे प्रतिदिन पानी का छिड़काव बढ़ाएंगे और हाइवा चालकों को निर्देश दिया गया है कि वे आबादी वाले क्षेत्रों में निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
तिरपाल ढककर ही गाड़ियों का संचालन होगा।
बताया जाता है कि प्रशासन और कंपनी प्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों ने हाइवा वाहनों को जाने दिया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि निर्देशों का पालन नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।
![]()













Leave a Reply