रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के निदेशक कैलाश चंद्र मीणा के निर्देशन में तीन सदस्यीय केंद्रीय टीम ने 13 नवंबर को झारखंड राज्य के बोकारो जिला के हद में कसमार स्थित पीएमश्री +2 उच्च विद्यालय का औपचारिक निरीक्षण किया।
केंद्रीय टीम ने विद्यालय में उपलब्ध संस्थागत सुविधाओं की सराहना की। निरीक्षण क्रम में केंद्रीय टीम सभी शिक्षकों से प्रधानाध्यापक के नेतृत्व में टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। कहा कि कोई भी सदस्य अपने काम में कोताही न बरतें। टीम के सदस्य केन्द्रीय विद्यालय संगठन गुवाहाटी के उपायुक्त सी एस आजाद ने कहा कि विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर विद्यालय में उत्तरोत्तर विकास करने की पूरी संभावना है।
आजाद ने निर्देश दिया कि विद्यालय के सभी शिक्षक जिम्मेदारी लेना सीखें। कहा कि जिम्मेदारी लेने से ही बड़े – बड़े संस्थान निर्मित होते हैं। जब विद्यालय समुदाय का समर्थन प्राप्त करेगा तो क्षेत्र में अपेक्षाकृत बेहतर शैक्षणिक माहौल बनेगा। केंद्रीय टीम की सदस्या शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार की वरीय सलाहकार तनुश्री महालिक ने पीएमश्री बनाने के पीछे के कारणों से विद्यालय परिवार को अवगत कराया।

कहा कि विद्यालय को मानसिकता में बदलाव कर और बेहतर प्रदर्शन करना ही होगा। मौके पर उपस्थित झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ अभिनव कुमार ने विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति की प्रशंसा की तथा और बेहतर दस्तावेजीकरण पर बल दिया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा ने सभी शिक्षकों के बीच बराबर कार्य बंटवारा कर विद्यालय में और अधिक शैक्षणिक माहौल तैयार करने एवं परीक्षाफल में सुधार पर बल दिया। सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद बोकारो अभिनव सिन्हा एवं विनय कच्छप ने विद्यालय को और बेहतर बनाने में पूरा सहयोग करने का वचन दिया।
मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक फारुक अंसारी, वरीय शिक्षक डॉ रणजीत कुमार झा, रामबाबू शुक्ल, डॉ अवनीश कुमार झा, महाकांत झा, अशोक कुमार रजवार, नजरूल इस्लाम, सुभाष चन्द्र ठाकुर, दीपक पटेल, विजय कुमार, विनोद कुमार महतो समेत विद्यालय के शिक्षक, छात्र – छात्रा, अभिभावक एवं अन्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply