Advertisement

बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण प्रदर्शनी दे रहा आपदा से बचाव का सतत् संदेश

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले के इस प्रदर्शनी में जुट रही है दर्शकों की भीड़

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, आपदा प्रबंधन विभाग बिहार सरकार की प्रदर्शनी मेला दर्शकों के लिए खुल चुका है। इस प्रदर्शनी की जनउपयोगी होने का यही प्रमाण काफी है कि इसमें भारी भीड़ उमड़ रही है।

नागरिक सुरक्षा निदेशालय, बिहार पटना के स्टॉल से हवाई हमले के दौरान क्या करें और क्या न करें की जानकारी देते हुए किसी भी कठिन परिस्थिति से बचने और सावधान रहने की प्रदर्शनी में जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी के सांस्कृतिक मंच से निरंतर गीत – गवनई के माध्यम से विभिन्न आपदाओं से बचने के तौर – तरीकों की जानकारी के साथ – साथ जागरूकता का संदेश भी प्रसारित किया जा रहा है।

इसके अलावा प्रदर्शनी के भीतर आपदा विभाग के विभिन्न हितधारकों के भी स्टालों पर ज्ञानवर्धक जानकारी दी जा रही है। आपदा प्रबंधन की इस प्रदर्शनी में इसके हितधारकों के लगभग एक दर्जन स्टॉल लगे हैं, जिस पर बैठे विभागीय कर्मियों द्वारा प्रदर्श अथवा पर्चा – पंपलेट वितरित कर संबंधित विभागों की जानकारी के साथ -साथ उक्त विभाग की ओर से विभिन्न तरह की आपदाओं से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।

आपदा प्रबंधन के इन हितधारकों द्वारा प्रदर्शनी में दी जा रही जानकारी

हरिहर क्षेत्र सोनपुर में आपदा प्रबंधन विभाग की प्रदर्शनी में इसके हितधारकों टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), जन जीवन कल्याण संघ, बिहार मौसम सेवा केंद्र, वॉल्ट्रान एआर, वीआर स्टूडियो, राज्य आपदा मोचन बल (एस डीआरएफ), प्रारंभिक अग्नि प्रवणता सूचकांक (16 बिंदु), बिहार अग्नि शमन सेवा, उत्कर्ष: एक पहल, भूकंप सुरक्षा, नागरिक सुरक्षा निदेशालय (सिविल डिफेंस), बिहार एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी सारण द्वारा अपने – अपने स्टालों पर
आपदा से बचाव के लिए मेला दर्शकों को जागरूक किया जा रहा है। सभी स्टालों पर रखे विभिन्न प्रदर्श मेलार्थियों को जागरूक कर रहे हैं।

हवाई हमले के दौरान रहें शांत और सतर्क

नागरिक सुरक्षा निदेशालय, बिहार पटना द्वारा अपने स्टॉल पर किसी भी तरह के हवाई हमले के दौरान आम नागरिकों को शांत और सतर्क रहते हुए निकटतम एयर रेड शेल्टर या सुरक्षित स्थान जैसे, तहखाना या मजबूत दीवार वाला कमरा में तुरंत चले जाने की सलाह दी जा रही है। क्योंकि घबराहट से स्थिति और बिगड़ सकती है। शांत रहकर विवेकपूर्ण निर्णय लें।

हमले के दौरान ब्लैक आउट पर्दों का उपयोग करें, ताकि रोशनी बाहर न जाए, क्योंकि यह दुश्मन के लिए लक्ष्य बन सकती है। इसलिए खिड़कियां और लाइट ढक देने या बंद करने या रोशनी का उपयोग न करने की सलाह दी जा रही है। आपात कालीन किट तैयार रखने, घायलों और कमजोरों को मदद करने की सलाह भी दी जा रही है।

हमले के दौरान अगर आप बाहर हैं और कोई शरण नहीं मिल रहा है, तो किसी खाई या गड्ढे में लेट जाएं और सिर को ढंक लें। सतर्कता और जानकारी के लिए मोबाइल फोन और रेडियो चार्ज रखें। संदिग्ध वस्तुओं को न छूने की भी सलाह दी जा रही है। अगर ऐसी स्थिति होती है तो तुरंत प्रशासन को रिपोर्ट करने की जागृति पैदा की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *