Advertisement

आतिशबाजी के साथ पुलिस लाइन में कोयला क्षेत्रीय खेल कूद प्रतियोगिता शुरू

पुलिस महानिरीक्षक, कोयला प्रक्षेत्र ने तीन दिवसीय प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

बोकारो व् धनबाद जिले के कुल 224 खिलाड़ी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में लेंगे हिस्सा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। पुलिस लाइन मैदान बोकारो में 12 नवंबर को भव्य आयोजन के साथ कोयला क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025 की शुरुआत की गयी।

आतिशबाजी के बीच तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस महानिरीक्षक (कोयला प्रक्षेत्र) सुनील भास्कर ने किया। प्रतियोगिता का माहौल देशभक्ति, खेल भावना और उत्साह से सराबोर रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक स्थल पर पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर, बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शहीद पुलिस जवानों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया। कहा गया कि शहीद जवानों की प्रेरणा से ही आज पुलिस बल और प्रशासन जनता की सेवा में निष्ठापूर्वक कार्य कर रहा है। प्रतियोगिता में बोकारो और धनबाद जिले के कुल 224 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स जिसमें 5000 मीटर, 1500 मीटर, 800 मीटर, 400 मीटर, 200 मीटर, सौ मीटर दौड़, रिले रेस, लॉन्ग जम्प, हाई जम्प, ट्रिपल जम्प, शॉट पुट, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का समापन समारोह आगामी 14 नवंबर को होगा, जिसमें विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में सीआरपीएफ के डीआइजी शंभु कुमार सिंह, जैप चार के समादेष्टा शंभु कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक बोकारो हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा, एसडीपीओ चास प्रवीण कुमार, सीटी डीएसपी आलोक रंजन, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस बल के जवान, प्रशिक्षक और खिलाड़ी आदि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक कोयला क्षेत्र सुनील भास्कर ने कहा कि, खेल हमारे जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यह हमारे शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास का एक सम्पूर्ण साधन है। उन्होंने कहा कि खेल से न केवल हमारा शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि यह हमारे मानसिक तनाव को भी कम करता है और हमें जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सहयोग की भावना सिखाता है।
उन्होंने कहा कि खेल एक महान सामाजिक संगठन है, जहां खिलाड़ी एक टीम के रूप में कार्य करते हुए सामूहिकता और नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन करते हैं। कहा कि यह हमारे संगठनात्मक गुणों को विकसित करता है तथा सामरिक बुद्धि को सशक्त बनाता है। कहा कि खेल हमें नियमों का पालन करना सिखाता है और नैतिक मूल्यों के प्रति आस्था को मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न खेलों में भिन्न-भिन्न खिलाड़ियों की भागीदारी रंग-बिरंगी विविधता और एकता का प्रतीक है। खेल हमें जीवन में उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करता है। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों की मार्च पास्ट, झंडोतोलन और राष्ट्रगान के साथ आयोजन की औपचारिक शुरुआत की गयी, जिसमें बोकारो और धनबाद दोनों जिलों के खिलाड़ियों में उत्साह देखने लायक था। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी, साथ हीं कहा गया कि खेल प्रतियोगिताएं केवल जीत-हार का नहीं, बल्कि आपसी एकता, अनुशासन और भाईचारे का प्रतीक है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *