प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो के गोमिया के ग्रामीण हलकों में जंगली हाथियों का आतंक रहिवासियों के सर चढ़कर बोल रहा है। जंगली हाथियों ने यहां के दो ग्रामीणों को रौद कर मौत के घाट उतार दिया है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना है।
जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के अति सुदूर वर्ती क्षेत्र तिलैया पंचायत में बीते 10 नवंबर की रात्रि लगभग 8 बजे पूर्व मुखिया बालेश्वर महतो के 32 वर्षीय पुत्र प्रकाश महतो उर्फ मट्टू एवं स्वर्गीय टोकन महतो के 37 वर्षीय पुत्र चरकू महतो की जंगली हाथियों ने रौद कर मार डाला। बताया जाता है कि उपरोक्त दोनों पास के चाय की टपरी पर गए थे, तभी अचानक 40 से 45 की संख्या में जंगली हाथियों का समूह आ धमका, जिससे दोनों युवक हाथियों के झुंड की चपेट में आ गए।
हाथियों ने अपने पैर से दबाकर दोनों की जान ले ली। बताया जाता है कि दोनों मृतको के एक बेटा एवं एक बेटी है।
घटना के संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से बात करने पर कहा कि पेटरवार एवं गोमिया की टीम खखंडा में हाथियों की तलाश में जुटी थी, किंतु घटना तिलैया पंचायत में हो गया। वन विभाग की ओर से दोनों मृतक के परिजनों को 25-25 हजार रुपए तत्काल सहायता दी जाएगी। दोनों के शव को अंत्य परीक्षण के लिए तेनुघाट भेजा जा रहा है।
उसके उपरांत कागजी कार्रवाई होने के बाद पीड़ित परिवारो को तीन लाख पचहत्तर हजार रूपए की सहायता राशि दी जाएगी। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल छा गया है। दोनों परिवार के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। रहिवासियों के अनुसार इससे पहले भी इस क्षेत्र के ग्रामीण हलकों में हाथियों द्वारा हमला किया जा चुका है। लेकिन 10 नवंबर की घटना ग्रामीणों के बर्दास्त की इंतहा है।
![]()













Leave a Reply