नक्काशीदार काष्ठ फर्नीचरों से मेला का बढ़ा आकर्षण
लौह निर्मित घरेलू और कृषि उपयोगी वस्तुओं की जबरदस्त बिक्री
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला अंतराष्ट्रीय स्तर पर ग्रामीण परिवेश का सबसे बड़ा बाजार है। ग्रामीण जरूरत की सभी वस्तुओं का यहां भंडार है।
इस मेले में दो ऐसे संयुक्त बाजार हैं, जिनमें घरेलू उपयोग की सभी वस्तुएं एक ही जगह मिल जा रही है। मेला में काष्ठ फर्नीचर एवं लौह फर्नीचर के सभी सामग्री यहां मिलते हैं। मेलार्थियों को यह नक्काशीदार काष्ठ फर्नीचरों का विशाल बाजार आरम्भ से ही आकर्षित करता रहा है।
तिलकोत्सव हो या शादी – विवाह महोत्सव या अन्य कोई मांगलिक कार्य, यहां एक से बढ़कर एक चित्र – विचित्र पलंग, सोफा-सेट मिल जाएंगे। कुर्सी, डाइनिंग टेबुल, टूल सभी तरह के फर्नीचर हैं। सभी एक से बढ़कर एक नक्काशीदार और खूबसूरत। राजा से लेकर रंक तक इस बाजार के मुरीद हैं।
वैसे तो पूरा मेला क्षेत्र जन उपयोगी सामग्री से पटा पड़ा है, पर हम बात कर रहे हैं लकड़ी बाजार या काष्ठ फर्नीचर बाजार और लोहा बाजार की। उक्त दोनों एक दूसरे से सटे हुए बाजार हैं। देखने से ऐसा लगता है कि एक ही बाजार में दोनों मेला पसरा है। इस मेले की खासियत है कि यह सरकारी संरक्षण की मोहताज नहीं है।

ग्रामीण इन बाजारों की देखभाल और रखवाली खुद करते हैं। स्टील बाजार भी लकड़ी बाजार रोड के दक्षिण दिशा में लगा है। तरह – तरह के स्टील फर्नीचर यहां मिल जाएंगे। चाहे बड़ी पेटी और बड़ा ट्रंक हो या छोटा, सभी बिक्री के लिए मौजूद है।लौह सामग्री की दुकानों में भीड़ देखते ही बनती है।
सुई से लेकर तलवार तक मेले में है उपलब्ध
हरिहर क्षेत्र मेले में सुई से लेकर तलवार तक एक ही दुकान में मिल जायेंगे। ऐसी दुकानें यहां एक दर्जन से अधिक हैं। लोहे की हो, पत्थर की या लकड़ी की, घरेलू उपयोग की चाक – बेलना, उखल – मूसल, पत्थर का जाता, हर प्रकार के लोहे का तवा, लोहे एवं स्टील की हर स्तर की बाल्टी, पलटा, कलछुल, कड़ाही, वोक, कांटे, चम्मच भी उपलब्ध हैं। इसी बाजार में कहीं न मिलने वाले पत्थर के लोढ़ा -सिलौट
के अलावा लोहे के झग्गर और जंजीर, बरछी – भाला, चाकू – छुरिया, झाल – करताल सभी बिक रहे है।
मेला में कृषि उपकरणों की तो दुकानों में बहुलता है। खुरपी, हंसिया, खंती, रम्मा की भी बिक्री हो रही है। लोहा बाजार के अलावा पीएनबी शहीद महेश्वर चौक मुख्य पथ में कई बड़ी दुकानें हैं, जिसमें लोहे से बनी बड़ी वस्तुओं की बिक्री हो रही है। जिनमें फ्रिज, वाशिंग मशीन, स्टोव और घरेलू सजावटी सामान वॉल हैंगिंग, मूर्तियां, ग्रिल, गेट की बिक्री हो रही हैं। इसके अलावा फर्नीचर के कई हिस्से, ताले, दरवाज़ों के हैंडल, चाकू, किचन सिंक और मशीन, स्टोव और डिशवॉशर, हेयर ड्रायर और टोस्टर।
घर की सजावट और संरचना में प्रयोग आनेवाली बालकनी और खिड़कियों की ग्रिल, दरवाज़ों और खिड़कियों के हैंडल और ताले, दीवार पर लटकाने वाली सजावटी वस्तुएं मूर्तियां और शोपीस, फर्नीचर के हिस्से के साथ-साथ अन्य घरेलू वस्तुएं, कागज़ की क्लिप और कैंची, रेडिएटर और इमरजेंसी सीढियां, खेल का सामान, आयरन आदि घरेलू उपकरणों की भी यहां बिक्री हो रही है।
![]()













Leave a Reply