एस. पी. सक्सेना/बोकारो। मन, कर्म और वचन के साथ सत्य के रास्ते पर चलने वाले को ही ऊंची मंजिल हासिल होती है। उक्त बातें बोकारो के प्रधान जिला सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार मिश्रा ने 11 नवंबर को जिला अधिवक्ता संघ बोकारो के पुस्तकालय भवन में नए अधिवक्ताओं को प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण देने के दौरान अपने संबोधन में कही।
उन्होंने प्रशिक्षण शिविर में इस वर्ष एनरोलमेंट हुए नए अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अधिवक्ता शब्द एक सम्मानित शब्द है। इस व्यवसाय में सम्मान पाना एक गौरव की बात है। इसमें सम्मान प्राप्ति हेतु नए अधिवक्ताओं को बड़ी लगन और मेहनत के साथ कानून का ज्ञान और कोर्ट के प्रोसिजर को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्ग दर्शन में कार्य करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि नए अधिवक्ताओं को चाहिए कि मन में किसी भी तरह का कोई भी झिझक हो वह बेधड़क वरिष्ठ अधिवक्ताओं से सलाह ले और अपने गंतव्य को प्राप्त करने हेतु कार्य करें। साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ताओं को चाहिए कि नए अधिवक्ताओं को कोर्ट के सारे प्रोसिजर से अवगत कराते रहे। किसी तरह की कोई परेशानी हो तो उसका समाधान करने की कोशिश करे, ताकि नए अधिवक्ताओं के मन में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के प्रति सम्मान की भावना बनी रहे।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश मिश्रा ने कहा कि कोर्ट और बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं को नए वकीलों को सम्मान देने की आवश्यकता है। तब जाकर नए वकील अपने मंजिल में आगे बढ़ पाएंगे। उन्होंने कहा कि समय पर आना, अपने प्रॉपर ड्रेस में रहना और नए-नए समस्याओं का समाधान करने हेतु प्रत्येक दिन नए अध्याय का अध्ययन करना बेहद ही जरूरी है। इस दौरान बार एसोसिएशन बोकारो के पदाधिकारीगण, सदस्यगण और वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ सैकड़ों पुराने व नए अधिवक्तागण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply