अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के उद्घाटन के पहले दिन 9 नवंबर को मेला क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मेला के मुख्य सड़कों पर रौनक बढ़ गई थी।
जानकारी के अनुसार मेला के पहले दिन सोनपुर – हाजीपुर के दोनों गंडक पुलों पर आवागमन जारी रहा। कहीं से कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। इस अवसर पर सबसे ज्यादा भीड़ गर्म कपड़े की दुकानों पर दिखाई दी। लोहे की बनी घरेलू वस्तुओं की बिक्री भी हो रही थी। भीड़ की दृष्टि से सोनपुर के नखास मेला रोड, गज – ग्राह चौक, प्रदर्शनी रोड, लकड़ी बाजार रोड, चिड़िया बाजार रोड एवं मीना बाजार रोड में औसतन भीड़ ठीक – ठाक रही।
हालांकि मेला उद्घाटन के प्रथम दिन कोई थियेटर चालू नहीं हो सका, क्योंकि सबकी तैयारी चल रही है। झूलों की भी यही स्थिति देखी गई। राम मंदिर, चार धाम और वैष्णव मंदिर का मॉडल तैयार हो रहा है। पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन की ओर से तैयार कराए गए आर्ट एंड क्रॉफ्ट ग्राम में एक दर्जन से अधिक स्टॉल चालू हो चुके है। दर्शकों और खरीददारों की भारी भीड़ आर्ट एंड क्रॉफ्ट प्रांगण में देखी जा रही थी। निकट ही आपदा प्रबंधन की प्रदर्शनी, ग्रामश्री मंडप, स्वास्थ्य विभाग की प्रदर्शनी सहित सभी सरकारी प्रदर्शनियों की तैयारी चल रही थी।

सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर के निकट दो दर्जन से अधिक चूड़ी, सिंदूर, चंदन और प्रसाद की दुकानों पर भी भीड़ लगी थी। मेले में बच्चे भी बैलून पर बंदूक सी निशाना तान रहे थे। मेला में एक दर्जन कश्मीर, श्रीनगर, जम्मू , बागपत, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, हरिद्वार आदि के कपड़ों की दुकानों पर भी भीड़ जुटी थीं। बहुत सारी दुकानों में अभी भी काम चल रहा है और कई स्थान अभी भी खाली हैं। सड़क किनारे खीर – चपाती, मुरब्बा, गुड़ की जलेबी, मिट्टी की घिरनी और सिटी आदि की भी बिक्री हो रही है।
![]()













Leave a Reply