Advertisement

अफ्रीकी देश ट्यूनीशिया में फंसे झारखंड के सभी 48 प्रवासी कामगारों की सुरक्षित वापसी

बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन पहुंचे मजदूरों को उप श्रमायुक्त की टीम ने किया स्वागत

राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। दक्षिणी अफ्रीकी देश ट्यूनीशिया में फंसे झारखंड के बोकारो, हजारीबाग और गिरिडीह जिले के 48 प्रवासी मजदूरों की वतन वापसी आखिरकार 8 नवंबर को हो गई।

तीन महीने से बकाया मजदूरी और भोजन के संकट से जूझ रहे मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली द्वारा सरकारी और कंपनी स्तर पर पहल के बाद सभी मजदूर सुरक्षित लौट आए। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर ट्यूनीशिया में फंसे सभी 48 कामगारों की सुरक्षित वापसी हो गई। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उप श्रमायुक्त बोकारो रंजीत कुमार प्रवासी मजदूरों से मिलकर उनकी समस्याओं से अवगत हुए। उन्होंने हर संभव मदद करने का भरोसा दिया।

मालूम हो कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रवासी कामगारों के अफ्रीकी देश ट्यूनीशिया में फंसे होने की जानकारी प्राप्त हुई थी। मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे श्रम, रोजगार, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अधीन कार्यरत राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को भेजा था। जानकारी के अनुसार सभी कामगार हजारीबाग, गिरिडीह और बोकारो जिले के रहिवासी हैं। इन्हें पीसीएल प्रेम पावर कंस्ट्रक्शन लिमिटेड नामक कंपनी में काम करने के लिए भेजा गया था। पिछले तीन महीनों से वेतन न मिलने के कारण सभी कामगार आर्थिक संकट का सामना कर रहे थे। यह पहल सरकार की संवेदनशीलता और प्रवासी कामगारों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

बोकारो थर्मल पहुंचे सभी प्रवासी मजदूरों को उप श्रमायुक्त बोकारो रणजीत कुमार, समाजसेवी सिकंदर अली, उज्वल कुमार, श्रमायुक्त कार्यालय लिपिक राजेश कुमार, रोबिन कुमार, चंदन सिंह ने माला पहनाकर स्वागत किया। साथ ही सभी को मिठाईयों का पॉकेट दी गई। इस अवसर पर स्थानीय रहिवासी बिट्टू नैयर, भैरो महतो, दिलीप राम, मृत्युंजय साव, चंदन साव आदि मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *