सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा सेल के माइनिंग विभाग में कार्यरत डोजर ऑपरेटर सेलकर्मी मंगल केसरी को बीते 17 अक्टूबर की रात अचानक सीने में जलन की शिकायत होने पर उनके परिजनों द्वारा रात लगभग 8:30 बजे गुवा सेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उनकी स्थिति गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के ब्रह्मानंद अस्पताल रेफर कर दिया है।
बताया जाता है कि पीड़ित मंगल केसरी को किडनी संबंधी बीमारी थी और उन्हें नियमित डायलिसिस की आवश्यकता थी। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन द्वारा एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं किए जाने से मरीज के परिजन परेशान हो गए। इसके बाद परिजन झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ मजदूर नेता रामा पांडे से मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही यूनियन नेता पांडेय तत्काल अस्पताल पहुंचे और उन्होंने मरीज के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सेल के कार्यकारी निदेशक कमल भास्कर से बात की।

बताया जाता है कि लगभग साढ़े तीन घंटे तक लगातार प्रयास और जोरदार पहल के बाद अंततः अस्पताल प्रबंधन ने आधी रात को एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई। इसके बाद मरीज को अर्ध रात्रि लगभग 12 बजे एम्बुलेंस से जमशेदपुर के लिए रवाना किया गया। स्थानीय रहिवासियों और सेलकर्मियों ने मजदूर नेता रामा पांडेय के त्वरित हस्तक्षेप की सराहना की और कहा कि उनकी तत्परता से समय रहते एक मरीज की जान बच सकी है।
![]()













Leave a Reply