Advertisement

के बी कॉलेज बेरमो में छठा अंतर महाविद्यालय वॉलीबाल टूर्नामेंट का शुभारंभ

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय धनबाद के के बी कॉलेज बेरमो की मेजबानी में दो दिवसीय छठा अंतर महाविद्यालय वॉलीबाल टूर्नामेंट की शुरुआत प्राचार्य लक्ष्मी नारायण की अध्यक्षता में 14 अक्टूबर को की गयी।

इस अवसर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि बेरमो विधायक कुमार जय मंगल (अनुप सिंह) ने दीप प्रज्जवलित कर किया। विधायक सिंह ने कॉलेज परिसर में शौचालय ब्लॉक एवं अतिथि शाला का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि बेरमो क्षेत्र का यह कॉलेज छात्र छात्राओं के सर्वांगीण विकास में बढ़ चढ़ कर अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा हैं। यहां हजारों छात्र डिग्री प्राप्त कर रहे हैं और पढ़ाई का बेहतर माहौल इस कॉलेज में देखा जाता है।

छठा अंतर महाविद्यालय वॉलीबाल टूर्नामेंट कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति सह वरीय प्रोफेसर डॉ राम कुमार सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही। कुलपति डॉ सिंह ने कहा कि खेल के माध्यम से छात्र छात्राओं का सर्वांगीण विकास होता है। खेल का महत्व जीवन के विकास में अहम है। विधायक सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थी जीवन के लिए उपयोगी है। कहा कि आजकल खेल रोजगार परक बनते जा रहा है। सिर्फ खेल की भावना के साथ खेलना जरूरी है।

प्राचार्य लक्ष्मी नारायण ने कहा कि पुरुष वर्ग की कुल 9 टीम आई है जिनमें एचजीईए कॉलेज ऑफ फार्मा चास, आरपीएस कॉलेज झरिया, बीडीए कॉलेज पिछरी, पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज धनबाद, रणविजय स्मारक महाविद्यालय चास, विनोद बिहारी महतो कॉलेज धनबाद, गुरु नानक कॉलेज धनबाद, बीएसके कॉलेज मैथन तथा के बी कॉलेज बेरमो शामिल है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में महिला वर्ग में तीन कॉलेज प्रतिभागी बने हैं जिनमें गुरु नानक कॉलेज धनबाद, बी डी ए कॉलेज पिछरी और के बी कॉलेज बेरमो शामिल है।

पहला वॉलीबाल प्रतियोगिता एच जी ई ए कॉलेज ऑफ फार्मा चास एवं बी डी ए कॉलेज पिछरी के बीच खेला गया, जिसमें एच जी ई ए कॉलेज चास ने जीत दर्ज की। जबकि महिला वर्ग में बी डी ए कॉलेज विजेता रही, उप विजेता में गुरु नानक कॉलेज धनबाद की टीम रही। आज पुरुष वर्ग में अब तक चार टीमें वॉलीबॉल मैच खेली है। फाइनल मैच पुरुष वर्ग का 15 अक्टूबर को खेला जाएगा।

आयोजित दो दिवसीय छठे अंतर महाविद्यालय वॉलीबाल टूर्नामेंट प्रतियोगिता में उपरोक्त के अलावा प्रो. इंचार्ज गोपाल प्रजापति, डिग्री कॉलेज गोमिया के प्राचार्या डॉ सरिता श्रीवास्तव, तेनुघाट कॉलेज तेनुघाट के प्राचार्य डॉ सुदामा तिवारी, संध्याकालीन कॉलेज बोकारो थर्मल के प्राचार्य डॉ गुप्तेश्वर सिंह, बी डी ए कॉलेज के प्राचार्य डॉ अशीष घोषाल समेत के बी कॉलेज बेरमो के सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी, कर्मी, अन्य कॉलेज के प्रतिनिधि, छात्र छात्रा आदि की उपस्थिति रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *