Advertisement

महनार से जदयू प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा व् वैशाली से पटेल ने दाखिल किया नामांकन पत्र

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिले के आठ विधानसभा क्षेत्र में से सिर्फ वैशाली और महनार विधानसभा क्षेत्र के लिए जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार ने 14 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल किया।

जानकारी के अनुसार वैशाली विधानसभा क्षेत्र के लिए वर्तमान विधायक सिद्धार्थ पटेल उर्फ चुन्नू पटेल ने जेडीयू के उम्मीदवार के रूप में जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित समाहरणालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पटेल के नामांकन में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता काफी संख्या में पहुंचे।

जिला के हद में राघोपुर, हाजीपुर, लालगंज और वैशाली विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन पत्र जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित समाहरणालय में दाखिल हो रहे हैं। जबकि महनार और राजापाकर विधानसभा क्षेत्र के लिए उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र महनार अनुमंडल कार्यालय स्थित निर्वाचि पदाधिकारी के समक्ष दाखिल करेंगे।

अभी तक महागठबंधन की ओर से कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवारों के नाम की स्पष्ट घोषणा नहीं की गयी है, जिस वजह से आज जिले में महागठबंधन के उम्मीदवार के रूप में किसी भी क्षेत्र से कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया जा सका है। दूसरी ओर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन समर्थित उम्मीदवार के रूप में जदयू की तरफ से अपना नामांकन पत्र महनार अनुमंडल न्यायालय में अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष दाखिल किया।

प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा के नामांकन में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं की काफी अधिक संख्या रही। महनार विधानसभा क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार एवं प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के बाद उनके समर्थन में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। यह जनसभा प्रखंड कार्यालय के निकट आयोजित की गयी थी, जिसमें बड़ी संख्या में उनके समर्थक शामिल हुए और एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में जमकर नारे लगाए।

यहां आयोजित कार्यक्रम में विधान पार्षद संजय सिंह, मंत्री श्रवण कुमार, राज्यसभा सांसद ओर केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, जदयू वैशाली जिलाध्यक्ष सुभाष चन्द्र सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा सहित कई नेताओं ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने बिहार में चौमुखी विकास किया है। महिलाओं, युवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में जो कार्य हुए हैं, वे ऐतिहासिक हैं। दस लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा पूरा किया गया है। उपरोक्त नेताओं ने जनता से अपील की कि बिहार को भय और भ्रष्टाचार से मुक्त रखने तथा विकास की गाड़ी को पटरी पर बनाए रखने के लिए एनडीए को पुनः विजयी बनाएं।

जनसभा को संबोधित करते हुए उम्मीदवार उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि जब तक मेरे शरीर में रक्त की एक बूंद है, मैं महनार की सेवा करता रहूँगा। सभा के बाद कुशवाहा ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ महनार बाजार का भ्रमण किया और आमजनों से मुलाकात कर समर्थन की अपील की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *