रंजन वर्मा/कसमार(बोकारो)। झारखण्ड +2 शिक्षक संघ ने 13 अक्टूबर को माध्यमिक शिक्षा निदेशक से भेंट कर जिला शिक्षा पदाधिकारी पश्चिम सिंहभूम, चाईबासा की अक्षमता, विभागीय आदेशों की अवहेलना और प्रतिशोध की भावना से प्रेरित अनुचित कार्रवाई के विरुद्ध ज्ञापन सौंपा।
जानकारी के अनुसार ज्ञापन में पश्चिमी सिंहभूम डीईओ द्वारा नव नियुक्त पी.जी.टी. शिक्षकों एवं प्रयोगशाला सहायकों के कई महीनों के वेतन भुगतान में जानबूझकर विलंब करने, उच्चाधिकारियों के निर्देशों की उपेक्षा करने तथा संघ के प्रांतीय महासचिव राकेश कुमार सहित अन्य शिक्षकों पर अप्रमाणिक आरोप लगाकर अनधिकृत रूप से निलंबित करने की घटना का उल्लेख किया गया है।
क्या है मामला
पश्चिमी सिंहभूम जिला में नवनियुक्त प्लस टू शिक्षक एवं प्रयोगशाला सहायकों का वित्तीय वर्ष 2024- 25 के कुछ महीनों का वेतन भुगतान मार्च 2025 में नहीं किया गया। अप्रैल 2025 में वित्तीय वर्ष 2025-26 के वेतनादि भुगतान के लिए आवंटन निदेशालय से निर्गत किया गया। संघ द्वारा पश्चिमी सिंहभूम के जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो को बार – बार बकाया वेतन भुगतान के बारे में कहा गया। फिर भी सितंबर 2025 तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया। बताया गया कि बीते माह 8 सितंबर को संघ द्वारा निदेशक, माध्यमिक शिक्षा को इस मामले को संज्ञान में दिया गया। निदेशक द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी, पश्चिमी सिंहभूम को तीन दिनों के अंदर बकाया वेतन भुगतान करने का आदेश 12 सितंबर को जारी किया गया। बावजूद इसके जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा वेतन भुगतान नहीं किया गया।
बताया गया कि 18 सितंबर को निदेशक द्वारा पश्चिमी सिंहभूम जिला शिक्षा पदाधिकारी का वेतन स्थगित कर बकाया वेतन भुगतान नहीं करने का स्पष्टीकरण मांगा गया। इसी के प्रतिशोध में और अपनी लापरवाही या गलत मंशा को छुपाने के लिए संघ के प्रांतीय महासचिव राकेश कुमार सहित अन्य दो शिक्षकों को अनर्गल और अप्रामाणिक तरीके से निलंबित कर दिया गया।
संघ के प्रांतीय अध्यक्ष योगेन्द्र प्रसाद ठाकुर ने बताया कि यह कार्रवाई न केवल झारखण्ड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियुक्ति एवं अपील) नियमावली 2016 का स्पष्ट उल्लंघन है, बल्कि राज्य स्तरीय अधिकारियों के क्षेत्राधिकार पर भी अतिक्रमण है। प्रांतीय संरक्षक सुनील कुमार ने कहा कि, यह घटना विभागीय आदेशों और शिक्षक हितों के प्रति डीईओ की घोर लापरवाही को उजागर करती है। हम मांग करते हैं कि डीईओ के विरुद्ध तत्काल अनुशासनिक कार्रवाई की जाए तथा राकेश कुमार एवं अन्य प्रभावित शिक्षकों के निलंबन आदेश यथाशीघ्र निरस्त किए जाएं। अन्यथा संघ आंदोलन को बाध्य होगा। निदेशक ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच कराई जाएगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी पश्चिमी सिंहभूम द्वारा अनर्गल तरीके से झारखण्ड +2 शिक्षक संघ के महासचिव राकेश कुमार समेत अन्य दो शिक्षकों को निलंबित किए जाने पर संघ द्वारा निदेशक माध्यमिक शिक्षा, राजेश प्रसाद से मिलकर ज्ञापन सौंपने का झारखण्ड +2 शिक्षक संघ, जिला इकाई बोकारो के अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, सचिव डॉ अवनीश कुमार झा, उपाध्यक्ष लालचंद रजक, संयुक्त सचिव डॉ शक्ति पद महतो, भरत कुमार महतो समेत अन्य पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने स्वागत किया है। साथ हीं उम्मीद जताई है कि राकेश कुमार एवं दो अन्य शिक्षक शीघ्र ही निलंबन मुक्त किए जाएंगे।
![]()













Leave a Reply