Advertisement

सातवीं कक्षा के छात्र मुकेश सोरेन की सर्प दंश से मौत

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। सातवीं कक्षा के एक छात्र को सांप काटने से मौत होने की सूचना है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के दारिदाग गांव में करैत सांप काटने से 11 वर्षीय मुकेश सोरेन की मौत हो गई है। मुकेश अपने मामा घर दारिदाग गांव में रहकर 7वीं कक्षा में पढ़ाई करता था। परिजनों का कहना है कि बीती रात खाना खाकर वह जमीन में सोया था। रात लगभग एक बजे एकाएक उठा और बगल के कमरे में सो रही अपनी मौसी को बताया कि लगता है बिछौने में सांप है। जब मौसी ने आकर देखा तो उसके बिछौने में सिर की ओर करैत सांप बैठा था, जिसके बाद पड़ोसियों ने आकर सांप को मार दिया, किन्तु तब तक किसी को यह जानकारी नहीं थी कि मुकेश को सांप ने काट लिया है।

इतना ही नहीं मुकेश को भी पता नहीं चला कि उसे सांप ने काट लिया है। वह भी चुपचाप सो गया। अहले सुबह तीन बजे जब मुकेश की तबियत बिगड़ने लगी तो मामी और मौसी ने उसकी मां जो गोमिया के परसापानी गांव में रहती है उसे सारी जानकारी दी। जब मां पहुंची तो बेटे को झाड़फूंक कराने के लिए उल्टे पांव फिर से परसापानी गांव चली गई और झाड़फूंक कराने लगी। इस दौरान लगातार मुकेश की तबियत बिगड़ती चली गई और वह बेहोश हो गया।

बेहोशी की हालत में उसे गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसका शरीर पूरी तरह पीला पड़ गया था, लेकिन शरीर में सांप काटने का कोई निशान मौजूद नही था। संभावना जताई जा रही है कि बीती रात नींद खुलने से पूर्व मुकेश के सिर पर उसी सांप ने काट लिया होगा, जिसे उसके बिछौने के सिरहाने देखा गया था। सिर पर बाल होने के कारण निशान नहीं दिखा। वहीं उसके मौत के कारण का पता तक नहीं चल सका है। अस्पताल में मौजूद डॉ प्रतिभा झा ने जांच उपरांत अस्पताल पहुंचने से मौत हो जाने की बात कही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *