खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन, मुख्य अतिथि रहे पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के गागा में यूथ क्लब गागा द्वारा क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फ़ाइनल मुकाबला 12 अक्टूबर को उत्साह और रोमांच के माहौल में संपन्न हो गया।
समापन कार्यक्रम में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और ग्रामीण युवाओं द्वारा खेल के प्रति दिखाए जा रहे समर्पण की सराहना की। पूर्व विधायक डॉ महतो ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह के खेल आयोजन युवाओं में अनुशासन, एकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने आशा जताई कि ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें।

टूर्नामेंट में दर्जनों टीमों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान मैदान में जोश और जज़्बे की कोई कमी नहीं दिखी। खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। उक्त आयोजन का उद्देश्य गाँव के खिलाड़ियों को मंच देना, खेल भावना को प्रोत्साहित करना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना रहा है। मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने पूरे मैच का भरपूर आनंद लिया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।आयोजन समिति ने बताया कि इस तरह के टूर्नामेंट से ग्रामीण इलाकों में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी। अंत में विजेता और उप विजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
![]()













Leave a Reply