फिट इंडिया, हिट इंडिया, ग्रो इंडिया-महाप्रबंधक
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। डीएवी प्रबंधकीय समिति नई दिल्ली के तत्वाधान में 12 अक्टूबर को पूरे देश के 946 डीएवी विद्यालयों में रन फॉर डीएवी का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में भी रन फोर डीएवी दौड़ का आयोजन किया गया।
रन फोर डीएवी समारोह में सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार, विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन -आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉक्टर जी.एन. खान एवं कथारा ओपी प्रभारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इस दौड़ शुरुआत की। वैदिक मंत्रोच्चारण ने इस समारोह को और भी दिव्य और भव्य बना दिया। रन फोर डीएवी में कथारा के सौ से अधिक छात्र-छात्राओं ने दौड़ में भाग लिया। यह दौड़ कथारा महाप्रबंधक कार्यालय से आरंभ होकर कथारा मोड़ होते कथारा ओपी परिसर में जाकर समाप्त हो गया। सभी विद्यार्थियों को दौड़ के लिए विशेष रूप से रन फॉर डीएवी अंकित सफेद टी-शर्ट प्रदान किया गया। कथारा ओपी में दौड़ के समापन के पश्चात एक सामान्य समारोह का आयोजन किया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार ने कहा कि पूरे देश में एक ही दिन डीएवी के 946 विद्यालयों के लाखों बच्चों का इस दौड़ में भाग लेना वाकई काबिले तारीफ है। यह फिट इंडिया की मुहिम के तहत एक प्रेरणादायक कदम है, जो सभी देशवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए सभी आयु वर्ग के रहिवासियों को इस तरह के आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। देश के नौनिहालों अर्थात विद्यार्थी वर्ग का स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है, यदि ये स्वस्थ रहें तभी इनका बौद्धिक विकास होगा और उनके बौद्धिक विकास से ही देश का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि फिट रहेगा इंडिया, तो हिट रहेगा इंडिया, तभी ग्रो करेगा इंडिया।
समारोह को लेकर ओपी पुलिस द्वारा प्रतिभागियों एवं अतिथियों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था की गयी थी। रन फोर डीएवी दौर प्रतियोगिता में अंकित यादव वर्ग दशम ‘अ’ ने पहला स्थान प्राप्त किया। कक्षा 11वीं के अभिजीत कुमार एवं नवम वर्ग के समीर यादव ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। विराट यादव एवं नव्या कुमारी जो क्रमशः पांचवी और आठवीं की छात्रा हैं उन्हें सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ खान ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दी। उन्होंने विद्यार्थियों को विशिष्ट जानकारी देते हुए कहा कि मैराथन दौड़ की शुरुआत ग्रीस के एथेंस एवं स्पार्टा राज्य में हुई थी। वहीं से प्रेरणा लेकर ओलंपिक में भी मैराथन की शुरुआत की गई। कहा कि ग्रीस (मिश्र) के बारे में एक दिलचस्प बात यह है कि वहां अस्पतालों से ज्यादा खेल के मैदान हैं। इसका कारण यह है कि वहां के रहिवासी अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से जागरूक है। प्राचार्य ने कहा कि हमें भी उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए क्योंकि एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क बसता है। प्राचार्य ने महाप्रबंधक एवं ओपी पुलिस का आभार जताया।
रन फॉर डीएवी की इस मुहिम को सफल बनाने में विद्यालय के शारीरिक शिक्षक रंजीत कुमार सिंह, शिव प्रकाश सिंह, संगीत कुमार, चंदन झा, संदीप मेहता आदि की सराहनीय भूमिका रही। वहीं विद्यालय के चतुर्थवर्गीय कर्मचारी अनुज कुमार, उमेश प्रजापति, सुशील कुमार एवं चेतन कुमार ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
![]()













Leave a Reply