Advertisement

श्रीजगन्नाथ पुरी में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड के बोकारो जिला के हद में महिला कल्याण समिति ढोरी द्वारा संचालित कहानिका हिन्दी पत्रिका के सौजन्य से 12 अक्टूबर ओड़िशा के श्रीजगन्नाथ पुरी में भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में देश भर के कई राज्यों से जाने माने और प्रतिष्ठित कवियों और कवियित्रीयों ने भाग लेकर आयोजन को भव्य और सफल बनाया।

कवि सम्मेलन का आयोजन एवं संयोजन महिला कल्याण समिति महासचिव सह कहानिका हिन्दी पत्रिका के प्रधान संपादक डॉ श्याम कुंवर भारती ने किया। मंच का संचालन डॉ साधना मिश्रा लखनवी ने किया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि के रूप में पुरी के वकील सह समाजसेवी महेश्वर दास ने दीप प्रज्ज्वलित कर आयोजन का उद्धघाटन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ दीप्ति खरे ने सरस्वती वंदना से की। गणेश वंदना डॉ उर्मिला साईप्रीत, देवी गीत श्याम कुंवर भारती, श्रीकृष्ण वंदना रजनी कटारे ‘हेम’ और स्वागत गीत साधना मिश्रा द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि दास ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्रीजगन्नाथ पुरी जैसे तीर्थ स्थान में ऐसे हिंदी साहित्यिक आयोजन की अत्यंत आवश्यकता है, ताकि हिन्दी का प्रचार प्रसार अहिंदी भाषी राज्यों में भी हो सके।

प्रधान संपादक श्याम कुंवर भारती ने अपनी संस्था के सामाजिक और साहित्यिक कार्यों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि संस्था हिंदी के प्रचार प्रसार और कवियों को उचित मान सम्मान दिलाने हेतु देश के सभी धार्मिक तीर्थ स्थानों में लगातार इस तरह के अखिल भारतीय स्तर के आयोजनों का सफल संचालन करते रही है। सभाध्यक्ष राजकुमार सेठी ने भी आयोजन की भूरि भूरि प्रशंसा की।

आयोजन में भाग लेने वाले देश भर से आए कवियों और कवयित्रियो में मुख्य रूप से डॉ साधना मिश्रा ‘लखनवी, डॉ दीप्ति खरे मंडला, कीर्ति चौरसिया जबलपुर, पदमा तिवारी दमोह, ओजेन्द्र तिवारी दमोह, तारा गुप्ता लखनऊ, विभा प्रकाश लखनऊ, अमिता तिवारी, रजनी कटारे ‘हेम’ जबलपुर, श्याम कुंवर भारती बोकारो और डॉ उर्मिला कुमारी साईं प्रीत कटनी मध्य प्रदेश ने अपनी मधुर और बेहतरीन प्रस्तुति से सबको मंत्र मुग्ध कर दिया।

श्याम कुंवर भारती ने ओजपूर्ण कविता जाबांज जवान और जवान ए हिंद सुनाकर सबको तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। अंत में मुख्य अतिथि ने सभी कवियों को अंग वस्त्र, स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सभाध्यक्ष सेठी ने धन्यवाद ज्ञापन के बाद आयोजन की समाप्ति की घोषणा की। उक्त जानकारी कहानिका पत्रिका के केंद्रीय सूचना प्रभारी शिखा गोस्वामी निहारिका ने दी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *