महाप्रबंधक ने किया डीएवी कथारा में भव्य प्रवेश द्वार निर्माण का शिलान्यास
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा में 11 अक्टूबर को सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक सह विद्यालय के स्थानीय प्रबंधन समिति (एलएमसी) अध्यक्ष संजय कुमार द्वारा भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण का शिलान्यास किया गया।
ज्ञात हो कि डीएवी कथारा विद्यालय अपनी स्थापना के 35 वर्ष पूर्ण कर चुका है। काफी लंबे समय से प्रवेश द्वार के निर्माण की मांग की जा रही थी। महाप्रबंधक, प्राचार्य एवं स्थानीय प्रबंधन समिति के प्रयासों से यह स्वप्न अब मूर्त रूप लेगा।
शिलान्यास के अवसर पर महाप्रबंधक ने कहा कि जल्द ही इसी वित्तीय वर्ष 2025- 26 में यह प्रवेश द्वार (गेट) बनकर तैयार हो जाएगा। कहा कि किसी भी विद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार उसका दर्पण होता है। यह प्रवेश द्वार स्कूल के सौंदर्य में चार चांद लगाएगा। उन्होंने प्राचार्य के प्रयासों की सराहना की एवं कहा कि प्राचार्य डॉ खान के आगमन से विद्यालय दिनों दिन निखरता जा रहा है।
विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने इस अवसर पर कहा कि जब वे इस विद्यालय में पदस्थापित होकर आये थे तब उन्हें यहां एक भव्य और सुंदर प्रवेश द्वार की आवश्यकता महसूस हुई। महाप्रबंधक का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उनके सहयोग से अब यह कार्य पूर्ण होने जा रहा है।

प्राचार्य ने कहा कि ‘नई शिक्षा नीति’ के अनुसार विद्यालय को अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं से लैस करना उनकी प्राथमिकता होगी, जिसमें महाप्रबंधक एवं स्थानीय प्रबंधन समिति का सहयोग अपेक्षित है। कथारा के बच्चे भी बड़े शहरों के अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालयों की तरह शिक्षा प्राप्त कर सकें, यह मेरा स्वप्न है।
कहा गया कि हाल ही में विद्यालय में स्मार्ट बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों का पठन-पाठन प्रभावी ढंग से हो सके। कहा कि महाप्रबंधक की छत्रछाया में वे विद्यालय को बुलंदियों पर ले जाने का हर संभव प्रयास करेंगे और मुझे पूरी उम्मीद है कि मेरा यह लक्ष्य अवश्य पूर्ण होगा।
मुख्य प्रवेश द्वार के शिलान्यास कार्यक्रम आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर.एस.मिश्रा, टी.एम.पाठक, रंजीत कुमार सिंह, जितेंद्र दुबे, राकेश रंजन, संगीत कुमार, आराधना, वीणा कुमारी, खुशबू कुमारी, ओशीन, ममता पात्रा, आशा कुमारी, शुभम कुमार एवं दीपक कुमार की विशेष भूमिका रही।
![]()













Leave a Reply