रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर पांच स्थित आशा लता केंद्र में 10 अक्टूबर को आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया। उनके उत्साह, संघर्ष तथा संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की मुस्कुराहट किसी दया की नहीं, बल्कि उनके आत्मबल और संकल्प की कहानी कहती है। समाज को अपनी सोच बदलनी होगी। दिव्यांगों के प्रति दया नहीं, अधिकार और सम्मान की भावना रखनी होगी।

इस अवसर पर माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को उपायुक्त ने मेडल और उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में परिस्थितियां कभी बाधा नहीं बनती। यदि मन में दृढ़ निश्चय हो। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि ईश्वर ने आपको विशेष जिम्मेदारी दी है, इन बच्चों को शिक्षा और आत्मनिर्भरता की राह दिखाना ही सच्ची सेवा है।
उपायुक्त ने कहा कि सेवा, करुणा और संवेदना ही समाज की शक्ति हैं। उन्होंने आशा लता केंद्र को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया और उपस्थित सभी शिक्षकों, प्रशिक्षकों तथा कर्मचारियों को प्रमाण-जोहार अर्पित किया। अंत में उन्होंने बच्चों के बीच चॉकलेट बांटे और कहा कि उनकी मुस्कुराहट ही सच्ची प्रेरणा है।
![]()













Leave a Reply