प्रस्तावित राष्ट्रीय ताइक्वांडों व् कबड्डी प्रतियोगिता को बनाएं सफल-उपायुक्त
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के ललपनिया स्थित श्यामली गेस्ट हाउस में 9 अक्टूबर को जिला खेलकूद समिति की बैठक आयोजित की गयी। अध्यक्षता संयुक्त रूप से बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने की।
आयोजित बैठक में जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन, गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो, अंचल अधिकारी आफताब आलम, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि, प्रशिक्षक आदि उपस्थित थे। बैठक में प्रस्तावित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता एवं राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा तथा आगामी वर्ष 2026 के खेल कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गयी।

बैठक में जिला उपायुक्त झा ने कहा कि बोकारो में आगामी 12 दिसंबर से राष्ट्रीय महिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता और 22 से 24 अक्टूबर को राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। यह न केवल जिले की प्रतिष्ठा से जुड़ी हैं, बल्कि आयोजन बोकारो के खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय व् राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर भी हैं। उन्होंने खेल संघों से कहा कि वे समन्वित प्रयासों से प्रतियोगिताओं को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाएं।
बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले के सभी खेल संघ अपने-अपने खेलों के लिए वर्ष 2026 का वार्षिक खेल कैलेंडर तैयार करें। इस कैलेंडर में सभी स्तरों यथा ब्लॉक, जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की संभावित तिथियां, स्थान, आयोजक संस्था एवं जिम्मेदार अधिकारी का विवरण शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कैलेंडर मासांत तक अंतिम रूप में जिला खेलकूद समिति को प्रस्तुत किया जाए, ताकि वर्ष भर के आयोजन सुनियोजित रूप से संपन्न हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि खेल आयोजन के दौरान किसी भी खिलाड़ी या प्रतिभागी को किसी प्रकार की असुविधा, आवास, परिवहन या भोजन संबंधी परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी खेल संघों को निर्देशित किया कि वे प्रतिभागियों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, ठहरने की व्यवस्था, स्वास्थ्य जांच एवं सुरक्षा प्रबंध की अग्रिम योजना बनाएं। इसके लिए जिला खेल पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी नामित करने का निर्देश दिया, जो सभी खिलाड़ियों की आवश्यकताओं की मॉनिटरिंग करेंगे।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, कुश्ती और बैडमिंटन जैसे खेलों के लिए डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र खोलने के प्रस्ताव जल्द तैयार करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केंद्रों से जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। कहा कि बोकारो जिले में सालों भर खेल प्रतियोगिताएं होनी चाहिए। उन्होंने इसमें जिले में संचालित विभिन्न निजी व् सर्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को खेल को बढ़ावा देने के लिए खुले मन से आगे आने की बात कही। उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि ताइक्वांडो एवं बास्केटबॉल खेलों के लिए प्रशिक्षक चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए और उसका प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा जाए।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशिक्षकों का चयन योग्यता, अनुभव और प्रदर्शन के आधार पर किया जाए ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनी रहे। बैठक में कई अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की गयी। जिसमें डीसी व् एसपी ने जरूरी निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
![]()













Leave a Reply