एस. पी. सक्सेना/बोकारो। गुप्त सूचना के आधार पर सीआईएसएफ टीम द्वारा 9 अक्टूबर को बोकारो जिला के हद में सीसीएल के ढोरी व् बीएंडके क्षेत्र में एक विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। छापामारी में टीम द्वारा उपरोक्त क्षेत्रों से लगभग 6 टन अवैध कोयला बरामद किया गया।
बल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छापामारी के क्रम में ढ़ोरी क्षेत्र से कल्याणी से कुल 2.400 टन एवं बीएंडके क्षेत्र के एकेकेओसीपी खासमहल पीओ कार्यालय पुराना बैरक के समीप के जंगल में छुपाकर रखे गये 3.550 टन अवैध रूप से संग्रहित कोयला जब्त किया गया। बल द्वारा कुल 5.950 टन अवैध कोयला बरामद किया गया।
यह कार्रवाई सीआईएसएफ समादेष्टा (कमाण्डेंट) लक्ष्मीनारायण चैधरी के निर्देशानुसार, उप कमाण्डेंट गारा अभिलाष के नेतृत्व में की गई। छापामारी अभियान को सीसीएल के ढोरी एवं बीएंडके क्षेत्रों में एकसाथ अंजाम दिया गया। जब्त किए गए कोयले को नियमानुसार सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार सीसीएल ढोरी एवं बीएंडके क्षेत्रों के सब एरिया कमाण्डर द्वारा अवैध कोयला भंडारण एवं चोरी की रोकथाम के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी, जिसके अंतर्गत यह अभियान सफलतापूर्वक चलाया गया। बताया जाता है कि बीएंडके एरिया में छापामारी का नेतृत्व सीआईएसएफ के उप कमाण्डेंट के.वी.ए श्रीधर तथा ढोरी एरिया में सहायक कमाण्डेंट वर्पे सार्थक बाबाजी द्वारा किया गया। छापामारी दल में निरीक्षक पी.के. सिंह, अजय कुमार सिंह, उप निरीक्षक मुकेश कुमार शर्मा, हरेश कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक महेश, आरक्षक सुदामा प्रसाद, अतुल कुमार सहित क्यूआरटी टीम के अन्य जवान शामिल रहे।
सीआईएसएफ की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कोयला चोरों में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय रहिवासियों तथा क्षेत्र के सीसीएल अधिकारियों ने इस पहल की खुलकर सराहना की है। विभाग के अनुसार यह कार्रवाई अवैध कोयले के संग्रहण व चोरी पर रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ द्वारा चलाए जा रहे निरंतर अभियानों का हिस्सा है।
![]()













Leave a Reply