Advertisement

सारण जिला में लगभग 1100 दुर्गा प्रतिमा स्थापित होने की सूचना-डीएम

सभी जुलूस के लिये लाइसेंस लेना होगा अनिवार्य-अमन समीर

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला में लगभग 1100 दुर्गा प्रतिमा स्थापित होने की सूचना है। सभी जुलूस के लिये लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया गया है। सार्वजनिक आयोजनों में डीजे संचालन पर प्रतिबंधित लगा दिया गया है। इस पर सख्ती से अनुपालन का आदेश दिया गया है।

सारण जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभा कक्ष में 20 सितंबर को जिला पदाधिकारी (डीएम) अमन समीर की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा के अवसर पर सामान्य विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर संपन्न बैठक में जानकारी दी गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय कुमार, उप विकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल, नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय, अपर समाहर्त्ता मुकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी आदि उपस्थित थे।

डीएम द्वारा उक्त बैठक में दुर्गा पूजा के अवसर पर सोशल मीडिया पर पैनी नज़र रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही किसी भी तरह के आपत्तिजनक व अफवाहजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई करने की बात कही गयी। बैठक में देवी दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन मार्गों में बिजली के तारों को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया।

कहा गया कि ड्रोन कैमरे में माध्यम से भी विधि व्यवस्था पर नजर रहेगी। कहा गया कि जिले के सभी पूजा पंडालों का सेफ्टी ऑडिट भवन प्रमंडल के अभियंता, बिजली विभाग के अभियंता एवं अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी सुनिश्चित करेंगे। महत्वपूर्ण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे का संस्थापन होगा। पूजा समितियों का भी अपनी तरफ से सीसीटीवी लगाने का अनुरोध किया गया है। साथ हीं कहा गया कि महत्वपूर्ण प्रतिमा विसर्जन घाटों पर एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति होगी। वहीं बैठक में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *