एसपी, डीडीसी, एसी, एसडीओ चास व् बेरमो आदि बैठक में शामिल
बैठक में पूजा समितियों से निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। हिन्दू आस्था एवं नारी शक्ति का प्रतीक दुर्गा पूजा महोत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए बोकारो जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
दुर्गा पूजा को लेकर बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 20 सितंबर को जिला मुख्यालय में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता (एसी) मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) चास प्रांजल ढ़ांडा एवं एसडीओ बेरमो मुकेश मछुवा उपस्थित रहे।
उक्त बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, महिला व बच्चों की सुविधा, स्वच्छता तथा प्रतिमा विसर्जन की पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था को लेकर विस्तृत निर्देश दिए गए। जिसमें पंडाल परिसर में सूचना केंद्र व् डेस्क की व्यवस्था, पंडाल एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने हेतु विशेष सफाई दल की तैनाती, कूड़ा दान एवं अपशिष्ट प्रबंधन की स्पष्ट व्यवस्था करने, पंडाल एवं सजावट में केवल इको-फ्रेंडली एवं बायोडिग्रेडेबल सामग्री का प्रयोग करने, प्लास्टिक का पूर्णतः निषेध करना बताया गया।
वहीं पंडाल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गाइडलाइन जारी किया गया, जिसमें पंडाल में फायर सेफ्टी उपकरण एवं प्राथमिक अग्निशमन व्यवस्था की अनिवार्यता, सीसीटीवी कैमरा व कंट्रोल रूम की स्थापना, प्रवेश और निकास मार्ग पर पर्याप्त रोशनी व भीड़ नियंत्रण व्यवस्था करना शामिल है।
बैठक में पूजा स्थलों में स्थापित मूर्तियों व पंडाल में सांस्कृतिक एवं कलात्मक नवाचार को बढ़ावा देने, धार्मिक सौंदर्य एवं सामाजिक संदेशों का समावेश करने, पंडाल के आसपास पर्याप्त पीने के पानी की उपलब्धता, शौचालय व प्रसाद वितरण केंद्र बनाने, श्रद्धालुओं के लिए बैठने की उचित व्यवस्था करने, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा की सुरक्षा को लेकर महिला पुलिस बल की तैनाती करने, महिला हेल्प डेस्क व शिकायत निवारण तंत्र बनाने, बच्चों के लिए सुरक्षित क्षेत्र, वॉलंटियर्स की मौजूदगी एवं मेडिकल सहायता केंद्र की व्यवस्था कटने, पूजा कमेटियों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने, सरकारी आदेशों और प्रशासनिक निर्देशों का अनुपालन करने, वॉलंटियर्स एवं प्रमंडल के समुचित संचालन की जिम्मेदारी आयोजकों का होने पर बल दिया गया।
बैठक में प्रतिमा विसर्जन को लेकर मानक बिंदु निर्धारित किया गया, जिसमें निर्धारित स्थल पर विसर्जन करने, केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित घाटों पर ही विसर्जन की अनुमति, मूर्तियां मिट्टी से बनी हों तथा प्राकृतिक रंगों का उपयोग हो, प्रतिमा निर्माण में इको-फ्रेंडली सामग्री का प्रयोग, विसर्जन स्थल नदी अथवा तालाब घाटों पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था, पुलिस बल व वॉलंटियर्स की मौजूदगी, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने, कचरा एवं स्वास्थ्य प्रबंधन को लेकर विसर्जन उपरांत घाट की साफ-सफाई अनिवार्य रूप से करने, अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण, मास्क, सैनिटाइजर का उपयोग एवं भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में कहा गया कि पूजा समितियां पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा संबंधी संदेशों का प्रचार करें। प्रतिमा विसर्जन उपरांत संबंधित समिति को सफाई रिपोर्ट प्रशासन को प्रस्तुत करनी होगी। इसे लेकर जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों का पालन करते हुए दुर्गा पूजा को सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
![]()













Leave a Reply